पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Corrupt Officer Catch By Sting Operation

स्टिंग ऑपरेशन से पकड़ेंगे भ्रष्ट अफसर-कर्मियों को : विज

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़. दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार की तर्ज पर अब हरियाणा की भाजपा सरकार भी स्टिंग ऑपरेशन करवाकर भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को पकड़ेगी। इसके लिए बाकायदा पार्टी कार्यकर्ताओं को स्टिंग ऑपरेशन करने की ट्रेनिंग दी जाएगी। स्टिंग में पकड़े जाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य, खेल एवं युवा मामले मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को यहां ‘मीट द प्रेस’ कार्यक्रम में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी अधिकारी और कर्मचारियों को साफ-साफ शब्दों में बोला गया है कि वे केवल वेतन से ही अपने घर खर्च चलाने की आदत डाल लें। भाजपा साफ और स्वच्छ प्रशासन देना चाहती है। पिछली सरकार की दूषित व्यवस्था में परिवर्तन करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अच्छा काम करने वाले चिकित्सकों तथा पैरा-मैडिकल स्टाफ को सम्मानित भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों को पंजाब के बराबर वेतनमान दिलाना उनकी प्राथमिकता है। इसके अलावा डीएलएफ-राबर्ट वाड्रा लैंड डील समेत जो भी मुद्दे उन्होंने भाजपा विधायक दल के नेता के तौर पर विधानसभा में उठाए थे, उन सभी मुद्दों पर उनकी सरकार कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते तैयार की गई चार्जशीट और तमाम मुद्दे उनके लिए ‘गीता’ हैं। उन्हें किसी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा।

एक सप्ताह में मिलेंगे जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र
प्रदेश में अब सभी जगह लोगों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र केवल 1 सप्ताह में मिलेंगे। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को आदेश दे दिए गए हैं। विज ने बताया कि अभी कई साल तक लोगों को इस छोटे से काम के लिए चक्कर लगाने पड़ते हैं। अब ऐसी व्यवस्था की गई है कि जिसे भी यह प्रमाण-पत्र लेना है, उसके आवेदन को पहले रजिस्टर किया जाएगा। उसमें अगर कोई कमियां हुईं तो संबंधित व्यक्ति को एक बार में ही सारी कमियां बतानी होंगी।
हाउसकीपिंग से अलग किए जाएंगे डॉक्टर
अस्पतालों में साफ-सफाई और अन्य कामों के लिए हाउस कीपिंग का काम अलग एजेंसी को दिया जाएगा। पहले इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर अम्बाला और करनाल के अस्पतालों में लागू किया जाएगा। इसका फायदा यह होगा कि डॉक्टरों का काम केवल मरीजों की देखभाल तक ही सीमित रहेगा।

रोहतक मेडिकल कॉलेज की होगी उच्च स्तरीय जांच
उन्होंने कहा कि उनके पास पिछली सरकार के भ्रष्टाचार के कई किस्से आ रहे हैं। रोहतक के मेडिकल कॉलेज में भी कुछ गड़बडिय़ां मिली हैं। इनकी उच्च स्तरीय जांच करवाई जाएगी।

पदक लाओ, पद पाओ स्कीम बदलेगी
विज ने कहा कि पिछली सरकार की ‘पदक लाओ,पद पाओ’ स्कीम में भी बदलाव किया जाएगा। हालांकि यह स्कीम अच्छी थी, लेकिन इसमें उन खिलाड़ियों के लिए कुछ भी नहीं था, जो पदक लाने से पहले तमाम कठिनाइयों से गुजरते हैं। नई खेल नीति में यह व्यवस्था की जाएगी कि उन्हीं खिलाड़ियों को सुविधाएं और स्टाइपेंड दिया जाएगा जो नियमित रूप से खेल के मैदान में बने हुए हैं।
फोटो- चंडीगढ़ के प्रेस क्लब में लॉन टेनिस कोर्ट का शॉट खेलकर उद्घाटन करते अनिल विज।