पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

दागियों को टिकट पर पेंच: 17 सीटों पर अब भी विवाद, आज फिर होगी बैठक

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली। कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी मीटिंग दर मीटिंग कर रही है लेकिन उम्मीदवारों के पैनल फाइनल नहीं हो पा रहे। ताजा पेंच दागियों और बागियों को लेकर फंसा है। ऐसी 17 सीटें हैं। पार्टी खराब छवि और भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे लोगों को चुनाव में न उतारने की बात कहती रही है लेकिन वह इस मुद्दे पर अंतिम फैसला नहीं ले पा रही। इसी उलझन में फंसी स्क्रीनिंग कमेटी 19 सितंबर को भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी जबकि इसे कमेटी की अंतिम बैठक बताया जा रहा था। अब 20 सितंबर को एक बार फिर कमेटी की बैठक होगी।
कमेटी में शामिल नेताओं के मुताबिक शनिवार सुबह तक यदि पैनल तैयार हो गया तो शाम को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक बुलाई जा सकती है। गौरतलब है कि शनिवार से राज्य में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है और कांग्रेस एक भी टिकट घोषित नहीं कर पाई है।

ऐसे नेताओं/विधायकों को टिकट देने का विरोध सबसे ज्यादा हो रहा है जिनके खिलाफ सीएलयू कराने के बदले पैसे मांगने को लेकर इनेलो सीडी जारी कर चुका है। इस कांड में स्वास्थ्य मंत्री राव नरेंद्र, मुख्य संसदीय सचिव रामकिशन फौजी व विनोद भ्याना, विधायक रामनिवास घोड़ेला व नरेश सेलवाल के अलावा कुछ अन्य कांग्रेसी नेताओं का नाम उछल चुका है। राव नरेंद्र व भ्याना पिछली बार हजकां के टिकट पर जीते थे और इस बार कांग्रेस से टिकट चाहते हैं। कुछ नेताओं ने उनकी पैरवी भी की लेकिन अब रार बढ़ती जा रही है। निर्दलीय विधायक ओपी जैन समेत कुछ अन्य एमएलए की दावेदारी पर भी ऐतराज जताया गया है।
इस पर हां भी, ना भी
बेटे, बेटियों व पत्नी के लिए टिकट मांग रहे हैं आरोपों में घिरे नेता
भ्रष्टाचार या आपराधिक मामलों में घिरे नेताओं में से अधिकांश इस बार अपने बेटे-बेटियों या पत्नी को चुनाव मैदान में उतारना चाहते हैं। पार्टी ने इनका पूरी तरह से विरोध तो नहीं किया है, लेकिन स्क्रीनिंग कमेटी सभी के बेटे-बेटियों या पत्नी को टिकट देने पर राजी नहीं। हरियाणा प्रभारी शकील अहमद के मुताबिक ऐसे नेताओं के रिश्तेदारों को टिकट देने में कोई दिक्कत नहीं है, जो सक्रिय राजनीति में हैं और चुनाव जीत सकते हैं।
इधर, शारदा राठौर को कारण बताओ नोटिस
बल्लभगढ़ से कांग्रेस विधायक व सीपीएस शारदा राठौर को पार्टी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। राठौर ने शुक्रवार को कांग्रेस के चुनाव हारने का दावा किया था। उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर को चुनौती देते हुए कहा था कि अगर उनमें दम है तो वे बल्लभगढ़ से उनके अलावा किसी और कांग्रेसी को चुनाव जिता कर दिखाएं। राठौर की बयानबाजी का संज्ञान लेते हुए कांग्रेस महासचिव शकील अहमद ने उन्हें नोटिस जारी किया है। इसमें उन्हें बर्खास्त भी किया जा सकता है। उधर राठौर के खिलाफ बल्लभगढ़ के कांग्रेसियों ने भी मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता संजय छौक्कर और सदस्य सतबीर डागर ने पत्रकारवार्ता कर मुख्य संसदीय सचिव को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की।
कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में तीन प्रदेशों के नेता
कांग्रेस ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इनमें पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अलावा दिल्ली, राजस्थान और पंजाब के नेता शामिल हैं। पंजाब से पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह, राजिंदर कौर भट्टल, प्रताप सिंह बाजवा, सुनील जाखड़, दिल्ली से पूर्व राज्यपाल शीला दीक्षित, अजय माकन, विधायक जयकिशन व प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह, राजस्थान से सचिन पायलट व अशोक गहलोत, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत और हिमाचल के सीएम वीरभद्र सिंह स्टार प्रचारक होंगे।
इनके अलावा मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर, प्रभारी शकील अहमद, जनार्दन द्विवेदी, पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद, आंनद शर्मा, अंबिका सोनी, दिग्विजय सिंह, सांसद कुमारी सैलजा, दीपेंद्र हुड्डा, डॉ. रामप्रकाश, आशा कुमारी, मीरा कुमार, राजबब्बर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व क्रिकेटर अजहरुद्दीन, कैप्टन अजय यादव, किरण चौधरी, नवीन जिंदल और श्रुति चौधरी भी प्रचार करेंगे।
चार जिलों के लिए अलग प्रचार समिति
कांग्रेस ने अम्बाला, रोहतक, हिसार व गुड़गांव के लिए डिवीजनल प्रचार समितियों का गठन किया है। प्रचार समिति के अध्यक्ष कैप्टन अजय यादव ने शुक्रवार को इनका गठन किया। अम्बाला के लिए गठित समिति के अध्यक्ष फूलचंद मुलाना होंगे। डॉ. रामप्रकाश उनके सहायक रहेंगे। रोहतक में प्रचार की कमान दीपेंद्र हुड्डा को दी गई है। पूर्व सांसद श्रुति चौधरी उनके साथ रहेंगी। हिसार में नवीन जिंदल को प्रचार का अध्यक्ष व चक्रवर्ती शर्मा को सह-अध्यक्ष बनाया गया है। गुड़गांव में प्रचार की कमान शादी लाल बत्रा को दी गई है। यहां राव धर्मपाल उनके डिप्टी होंगे।