पानीपत. हड़ताल से आम जनता के साथ अब प्रशासनिक अधिकारी भी प्रभावित हो रहे हैं। मंगलवार देर रात लगभग १ बजे मॉडल टाउन फीडर पर ब्रेक डाउन हुआ। इससे कॉलोनी के लोगों के साथ डीसी आवास भी पूरी रात अंधेरे में रहा। सुबह निगम अधिकारियों ने फीडर पर बिजली सप्लाई बहाल की। लेकिन बुधवार शाम हुई बरसात से डीसी के साथ एसपी आवास पर भी बिजली सप्लाई बंद हो गई, जो समाचार लिखे जाने तक बहाल नहीं हो सकी थी।
उधर बिजली पानी न आने से परेशानी सनौली रोड स्थित विद्यानंद कॉलोनी व आसपास के लोगों ने बुधवार दोपहर बाद सनौली रोड को सांकेतिक तौर पर जाम कर प्रशासन और बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने कहा कि अगर गुरुवार तक बिजली नहीं आई तो रोड को पूरी तरह से जाम कर दिया जाएगा। कॉलोनी के वेदपाल, वीरपाल, ओमवीर ने आरोप लगाया कि कॉलोनी में दो दिन पहले बिजली गई थी, उसके बाद से नहीं आई।
मंगलवार को आसपास के फैक्ट्री मालिकों ने निगम अधिकारियों को बुलाकर अपने कनेक्शन चालू करवा लिए, लेकिन कॉलोनी में बिजली सप्लाई नहीं शुरू हुई। संतराम, राकेश, सोनू ने कहा कि बिजली न आने से लोगों को पीने तक का पानी नहीं मिल पा रहा। दैनिक उपयोग के लिए लोगों को काफी दूर से पानी लाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में निगम अधिकारियों को कई बार सूचना दी गई, लेकिन मेंटेनेंस के लिए कोई नहीं आया।
इसी तरह सेक्टर 11-12, कृष्णपुरा, बिसनस्वरूप कॉलोनी, एकता बिहार, शक्ति बिहार, सांई नगर, शांति कॉलोनी, सैनी कॉलोनी, गाबा कॉलोनी, आजाद नगर, राजनगर, संजय कॉलोनी, विकास नगर, शिवनगर, सनौली रोड, असंध रोड, सेक्टर-29, रेलवे रोड, गीता मंदिर कॉलोनी, आठ मरला आदि जगहों पर भी दिन भर बिजली गुल रही, जिससे पानी की किल्लत भी बनी रही।
शाम ७ बजे से ब्लैक आउट
हड़ताल के पहले दिन की अपेक्षा बुधवार को शहर में बिजली सप्लाई सही रही। लेकिन शाम करीब 5 बजे से शुरू हुई बारिश ने बिजली अधिकारियों की मेहनत पर पानी फेर दिया। रुक-रुककर करीब दो घंटे तक हुई बरसात से शहर के लगभग सभी फीडरों पर बिजली सप्लाई बंद हो गई। इसमें 132 केवी पानीपत, 220 केवी छाजपुर, 132 केवी जाटल, 132 केवी चंदौली, 33 केवी बाबरपुर, 33 केवी हुडा सेक्टर 29, 33 केवी सेक्टर 13-17, 33 केवी 11-12 फीडर पूरी तरह से बंद हो गए।