पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

गिरफ्तारी पर अड़े परिजन, तीसरे दिन भी नहीं किया शव का संस्कार

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पानीपत. बुजुर्ग कर्ण सिंह के शव का लगातार तीसरे दिन भी संस्कार नहीं हो सका। पुलिस ने आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने के आरोप में मंगलवार रात को पांच लोगों प्रेम सचदेवा, कालू सचदेवा, अशोक त्यागी, प्रवीण मलिक, मंजीत मलिक पर एफआईआर दर्ज कर ली थी।

बुधवार सुबह जब परिजनों को अस्पताल से शव उठाने के लिए कहा तो परिजन पहले आरोपियों को गिरफ्तार करने और एफआईआर में उन पुलिसकर्मियों के नाम भी शामिल करने की मांग पर अड़ गए, जिनके नाम सुसाइड नोट में लिखे थे। साथ ही चेतावनी दी कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो वे गुरुवार 11 बजे शव को लेकर दिल्ली पीएम आवास के बाहर आत्मदाह कर लेंगे।

मृतक के बेटे शीशपाल पांचाल ने कहा कि पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके लीपापोती कर दी। इसमें तहसील कैंप चौकी के तत्कालीन प्रभारी योगेश कुमार, एएसआई लाल सिंह, एसआई ओमप्रकाश, थाना सिटी प्रभारी रामकुमार, राजेश धीमान व गुल्लू के नाम नहीं दर्ज किए हैं। शीशपाल का आरोप है कि सीएम के दबाव के कारण आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है।

छावनी बना अस्पताल शवगृह पर पहरा

सामान्य अस्पताल में कई लोग शव को रोड पर रखकर जाम लगाने की बात कह रहे थे। इसी के कारण अस्पताल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। थाना शहर प्रभारी विशाल कुमार, थाना चांदनी बाग सुरेश कुमार, थाना सदर प्रभारी अमित कुमार व भारी पुलिस बल प्रत्येक व्यक्ति पर नजर रखे हुए था। वहीं, मंगलवार रात से शवगृह पर पुलिस का पहरा बना हुआ है। इसके आस पास संदिग्ध लोगों को जाने से रोका जा रहा है, ताकि कोई शव से छेड़छाड़ न कर सके।

धरने पर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आम आदमी पार्टी के सदस्य भी अस्पताल पहुंचे। वे वहां पर पीड़ित परिवार के साथ शवगृह के पास टैंट लगाकर धरने पर बैठे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पूर्व स्पीकर व इनेलो नेता सतबीर सिंह कादियान भी धरने में शामिल हुए। एसडीएम अश्विनी मलिक व डीएसपी मुख्यालय राजबीर सिंह हुड्डा ने मृतक के परिजनों से कहा कि शव का संस्कार कर दे।

तभी आम आदमी पार्टी के सदस्य भड़क गए और वे बोले की पहले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। इसको लेकर कुछ देर तक कहासुनी हुई। डीएसपी हुड्डा ने कई लोगों को कहा कि वे ऐसे मौके पर राजनीति न करें। धरने पर आम आदमी पार्टी के जिला संरक्षक हुकम सिंह कादियान, महिला विंग की अध्यक्ष प्रोमिला सहारन, दिलबाग देशवाल, परमजीत, नरेश, स्वामी, आशीष जैन, सुनील छौक्कर और राज सिंह मौजूद रहे।