(डिपो होल्डर पर पात्र लोगों को राशन वितरण न करने का आरोप लगाकर लघु सचिवालय परिसर में रोष जताते गांव आट्टा के ग्रामीण।)
समालखा। आट्टा के लोगों ने सोमवार को एसडीएम से मिलकर गांव के डिपो होल्डरों पर पात्र लोगों की बजाय अपने चहेतों को राशन वितरण कर धांधली करने का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि डिपो होल्डर से जब राशन लेने जाते हैं तो वो इसके न आने का जवाब देते हैं और दुर्व्यवहार तक करते हैं। इस कारण पात्र लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। एसडीएम ने ग्रामीणों को कहा कि आप अपनी शिकायत लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों से मिलो। अगर वो समाधान नहीं करते हैं तो एडीसी से मिलो। जिस पर ग्रामीणों को निराश होकर लौटना पड़ा।
एसडीएम कार्यालय पहुंचे सतपाल, ओमप्रकाश, धर्मबीर, धर्मपाल, कुसुम, सुनीता, सावित्री देवी, अंग्रेजो, रूकमणि ने बताया कि उनके गांव में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की अोर से दो डिपो दिए गए हैं। दोनों में से कोई भी डिपो होल्डर पात्र लोगों को ठीक से राशन वितरित नहीं करते हैं। जब भी लोग राशन लेने के लिए जाते हैं तो दोनों बहानेबाजी कर कभी राशन न आने की बात कहते हैं तो कभी एक दूसरे के पास भेजकर टाल देते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार तो पूरे का पूरा राशन बेच देते हैं उन्होंने बताया कि शिकायत करने पर संबंधित विभाग के कर्मचारी गांव में पहुंचे, लेकिन शिकायतकर्ता व पात्र लोगों से बात करने की बजाय डिपो होल्डर से मिलकर जांच रिपोर्ट बनाकर लौट गए। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित विभाग इस समस्या का समाधान करवाए। वहीं नायब तहसीलदार चेतना चौधरी गांव में पहुंची और उन्होंने जांच की, इससे ग्रामीण संतुष्ट नहीं थे।
आरोप निराधार हैं
आट्टा के डिपो होल्डर कुलदीप व सुभाष ने ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि विभाग की तरफ से उनको जो लिस्ट भेजी गई है। उसी के अनुसार लोगों को राशन वितरित किया जा रहा है। जो लोग राशन न देने व बेचने के आरोप लगा रहे हैं। उनका लिस्ट में नाम नहीं है। वो दबाव बनाने के लिए ऐसे आरोप लगा रहे हैं।
आगे की स्लाइड में पढ़िए पूरी खबर...