पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Designed To Prevent Encroachment, The Corporation Shall Act,

अतिक्रमण रोकने में तैयार, निगम करे कार्रवाई, पदाधिकारियों ने की बैठक

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पानीपत। बाजारों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए दुकानदार और बाजार एसोसिएशन के पदाधिकारी एकजुट हो रहे हैं। तीन दिन पहले इंसार बाजार में लालबत्ती से सुखदेव नगर की तरफ जाने वाली गली तक दुकानों के आगे पीली पट्टी लगाने की पहल की थी। अब इंसार बाजार चौक तक दुकानदारों ने पीली पट्टी बढ़ा दी है।
शनिवार शाम को बाजार एसोसिएशन के प्रधानों और दुकानदारों ने बैठक भी की। बैठक में निर्णय लिया गया कि दुकानदार अतिक्रमण नहीं करेंगे। अतिक्रमण को लेकर न मानने वाले दुकानदारों पर निगम कार्रवाई करे। इसमें दुकानदारों को कोई एतराज नहीं है। हालांकि दुकानदारों द्वारा खुद लगाई गई पीली पट्टी में दुकानों के आगे बनाए स्थाई चबूतरों को छोड़ा गया है। प्रशासन को इस पर भी कार्रवाई करने की जरूरत है।
पीली पट्टी का लगाई

बाजारों में अतिक्रमण न हो इसके लिए खुद दुकानदार सामने आने लगे हैं। इंसार बाजार लालबत्ती एसोसिएशन ने बाजार में दुकानदारों की सीमा तय कर पीली पट्टी लगाने की पहल की थी। अब इसकी पालना दुकानदार कर रहे हैं। कुछ दुकानदार मानने को तैयार नहीं, उन्हें समझाया जा रहा है। अब धीरे-धीरे अन्य बाजारों में भी इसको लेकर दुकानदार आगे आ रहे हैं।'
- गौरव लीखा, प्रधान लालबत्ती इंसार बाजार
अतिक्रमण से कारोबार नहीं बढ़ता

बाजार में अतिक्रमण से भीड़ बढ़ती है और जाम लगा रहता है। दुकानों के आगे दायरा तय करना सही कदम है। हमारी एसोसिएशन ने भी फैसला लेकर शुक्रवार रात को बाजार में दुकानों के आगे पीली पट्टी लगवाई है। दुकानदारों को अतिक्रमण न करने को लेकर समझाया जा रहा है। सभी को समझना चाहिए कि अतिक्रमण करने से कारोबार नहीं बढ़ता बल्कि दिक्कत ही पैदा होती है।'
- प्रेम अरोड़ा, प्रधान, इंसार बाजार एसोसिएशन

प्रशासन निगरानी रख करे कार्रवाई

एकाध को छोड़कर बाजार में दुकानदार अतिक्रमण मुक्ति का समर्थन करते हैं। प्रशासन को बाजारों में निगरानी रखते हुए लगातार कार्रवाई करनी चाहिए। दुकानदारों ने खुद पहल करते हुए दुकानों के आगे पीली पट्टी लगाई है। तय की गई सीमा की पालना अब नगर निगम को करवानी चाहिए। जो दुकानदार नहीं मानता उस पर जुर्माना या कानूनी कार्रवाई की जाएगी।'
- अजय मेहता, सचिव, इंसार बाजार एसोसिएशन
दिन में फोर व्हीलर पर लगे रोक
इंसार बाजार तंग है। बाजार में दिन में भीड़ लगी रहती है। दुकानदार अतिक्रमण हटाने में लगे हैं। प्रशासन को चाहिए कि दिन के समय में फोर व्हीलर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए। वाहनों के अंदर आने से जाम की स्थिति बढ़ती है।'
- विपिन कपूर, दुकानदार इंसार बाजार
दुकानों के बाहर न लगने दे फड़
बाजार में कई दुकानदार अपनी दुकानों के आगे फड़ लगवाते हैं। फड़ लगाने का किराया तक वसूल किया जाता है। दुकानों के आगे सड़क पर फड़ लगने से अतिक्रमण बढ़ता है। निगम इस पर कार्रवाई करे।'
- जितेंद्र आहूजा, सचिव, इंसार बाजार लालबत्ती चौक
शाह मार्केट में भी करेंगे कार्रवाई
इंसार बाजार में दुकानदारों द्वारा पीली पट्टी लगाकर अतिक्रमण रोकने का अहम कदम उठाया है। इससे शाह मार्केट में भी लागू किया जाएगा। दुकानदार एक-दूसरे की देखा-देखी अतिक्रमण करते हैं। सब सामान दुकान में रखेंगे तो अतिक्रमण से राहत मिलेगी।'
- गगन सडाना, प्रधान, शाह मार्केट
दिन में भी लगे पुलिस गश्त

बाजार में दिन के समय भी पुलिस गश्त जरूरी है। सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक स्कूल, कॉलेज की छुट्टी का समय रहता है। बाजारों से गुजरने वाली छात्राओं के साथ अकसर बदसलूकी होती है। पुलिस गश्त से सुरक्षा भी बढ़ेगी।'
- जगन बरेजा, दुकानदार, इंसार बाजार
(पानीपत. नीचे बैठे बाएं से अजय मेंहता, प्रेम अरोड़ा, विपिन कपूर, जितेंद्र आहूजा, गौरव लिखा और जगन बरेजा। ऊपर खड़े बाएं से गगन सडाना, कमल बतरा, दिनेश कुमार नायक और दिवांशु।)