पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Efficiency In CBSE Board Exams From April 14

सीबीएसई बोर्ड में दक्षता परीक्षा 14 अप्रैल से

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पानीपत. बच्चों की दक्षता, मानसिक कौशल एवं विभिन्न समस्याओं से निपटने की क्षमता के आकलन के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) अप्रैल में 10वीं कक्षा के छात्रों के लिए दक्षता परीक्षा का आयोजन करेगा। दक्षता परीक्षा में भाग लेने के लिए स्कूल एवं विद्यार्थी 31 जनवरी तक बोर्ड के पास पंजीकरण करा सकते हैं।
दक्षता परीक्षा पांच विषयों में ली जाएगी और यह 14 से 18 अप्रैल के बीच आयोजित होगी। दक्षता परीक्षा (प्रोफिशियेंसी टेस्ट) 10वीं कक्षा में पढ़ाए जाने वाले पांच विषयों अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, हिंदी में ली जाएगी। छात्र इन सभी विषयों या अपनी पसंद के विषय में परीक्षा दे सकते हैं। परीक्षा में प्रत्येक विषय में 100 अंक होंगे। छात्रों को ओएमआर शीट पर सही विकल्प को दर्ज करना होगा। इसमें नौवीं एवं 10वीं के पाठ्यक्रम से प्रश्न होंगे। परीक्षा में अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को बोर्ड की तरफ से पुरस्कृत किया जाएगा।
गलत उत्तर पर कटेंगे अंक
दक्षता परीक्षा में 14 अप्रैल को अंग्रेजी, 15 अप्रैल को गणित, 16 अप्रैल को विज्ञान, 17 अप्रैल को सामाजिक विज्ञान और 18 अप्रैल को हिंदी में परीक्षा ली जायेगी। दक्षता परीक्षा में प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर के लिए नकारात्मक अंक का प्रावधान है। परीक्षा देने वाले छात्रों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे, जिसमें पर्सेंटाइल रैंक दर्ज होंगे।
परखा जाएगा विद्यार्थियों का विषय कौशल
हिंदी एवं अंग्रेजी की परीक्षा में छात्रों की पढऩे, लिखने की क्षमता और भाषा ज्ञान को परखा जाएगा। परीक्षा में विज्ञान में सिद्धांतों एवं अवधारणा का विश्लेषण कर दी गई स्थितियों में अमल करने की क्षमता को और गणित में छात्रों की समस्याओं का विश्लेषण कर इसका समाधान करने के कौशल को परखा जाएगा। इसके माध्यम से छात्रों के प्राथमिकताओं और भविष्य की शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी जुटाई जाएगी।
300 से 600 लगेगा शुल्क
परीक्षा में बैठने के लिए छात्रों को शुल्क का भुगतान करना होगा। एक विषय के लिए 300 रुपए, दो विषय के लिए 400 रुपए, तीन विषय के लिए 500 रुपए और चार या पांच विषय के लिए 600 रुपए का शुल्क देय होगा।