पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Election, Nomination, Nigam, 16 May, 23 May

16 मई से शुरू होगा निगम चुनाव के लिए नामांकन, 23 होगी आखिरी तारीख

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पानीपत. नगर निगम चुनाव की तिथि को लेकर संशय की स्थिति समाप्त हो गई है। अब नगर निगम चुनाव दो जून को होंगे। इस बार 24 वार्डो में 234 मतदान केंद्रों पर 2,64,365 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें से 1,45,518 पुरुष और 1,18,847 महिलाएं होंगी। 11 मई से 23 मई तक चुनावी प्रक्रिया चलेगी और 23 मई को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।

शुक्रवार से नामांकन पत्रों के लिए डीसी व नगर निगम कार्यालयों में चुनाव कार्यक्रम का नोटिस लगा दिया जाएगा। डीसी समीरपाल सरो ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ मीटिंग कर राज्य निर्वाचन के फैसले से अवगत करवाया और निर्देश जारी किए। दो जून को सुबह 8 बजे से शाम पांच बजे तक मतदान का समय रहेगा। मतों की गिनती 4 जून को सुबह 8 बजे शुरू होगी। खास बात यह है कि ईवीएम को वहां से हटा लिया जाएगा और किसी अन्य जगह पर गिनती की जाएगी।

२ जून को वोटिंग और 4 को मतगणना

16 मई से 21 मई को सुबह 11 बजे से 3 बजे तक नामांकन पत्र पेश किए जाएंगे। 22 मई को सुबह 11 बजे से पहले उम्मीदवार को किसी भी तरह से अयोग्य न होने का शपथ पत्र भी देना होगा। 22 मई को ही सुबह 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 23 मई को सुबह 11 से 3 बजे तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। 23 मई को ही शाम 3 बजे के बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आबंटित किए जाएंगे। 30 मई को सूची लगाई जाएगी। 2 जून को वोटिंग और 4 को गिनती होगी।

रिटर्निग ऑफिसर नियुक्त एडीसी आरएस वर्मा को रिटर्निग अधिकारी बनाया गया है। एसडीएम अश्विनी मलिक, बीडीपीओ सुरेंद्र सिंह, शुगर मिल के एमडी हवासिंह सहित अधिकारियों को सहायक अधिकारी नियुक्त किया है।

जल्द होगी रिहर्सल

डीसी समीरपाल सरो ने कहा कि सभी सहायक रिटर्निग अधिकारी दी गई पाठ्य सामग्री को जरूर पढें़। ईवीएम मशीनों के लिए जल्द ही रिहर्सल होगी। चुनाव सामग्री वितरित की जाएगी। इसलिए सभी सहायक रिटर्निग अधिकारी अपने-अपने वार्ड के बूथों का निरीक्षण लें और इसकी रिपोर्ट दो दिन में सौंपे। सभी बूथों पर बूथ का नाम भी लिखवा कर निरीक्षण करें।

इसी दिन पात्रता परीक्षा

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की प्रदेश में होने वाली अध्यापक पात्रता परीक्षा भी 2 जून को होनी हैं। ऐसे में नगर निगम चुनाव में बाधा न आए, इन परीक्षाओं का समय बदलने के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड को लिखा जाएगा। संकेत मिले हैं कि जल्द ही अध्यापक पात्रता परीक्षा का समय बदल सकता है। इससे चुनाव आसानी से हो सकेंगे।