रानियां. कस्बे के वार्ड नंबर 9 स्थित गुरुनानक बस्ती में एक युवक ने विधवा महिला के साथ रेप के बाद तेजाब डालकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उसके प्रेमी पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार देर शाम को सीन ऑफ क्राइम की टीम ने डॉ. अजमेर सिंह के नेतृत्व में घटना स्थल का निरीक्षण किया और मौके पर तेजाब से जले कपड़े और फर्श पर बिखरे तेजाब के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। पुलिस को दी शिकायत में महिला (30) ने बताया कि उसके पति की मौत आठ साल पहले हो गई थी।
बुधवार शाम को उसके घर ढाणी सतनाम सिंह से रमेश सिंह उसके कमरे में घुस आया और उसके साथ रेप किया। उसने विरोध किया तो उस पर तेजाब की बोतल उड़ेल दी। जिससे उसका शरीर झुलस गया। शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गया। मेडिकल जांच में महिला से दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। आरोपी एक साल से उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। एक माह से दोनों में अनबन चल रही थी। इस कारण वह आरोपी रमेश सिंह से अलग रह रही थी।
पीड़िता ने बताया कि जब वे गांव ढाणी संता सिंह में रहते थे तो आरोपी रमेश का उनके घर आना जाना था। पिछले एक साल से लिव इन रिलेशनशिप में रहते थे, लेकिन पिछले एक माह से वह उससे अलग रह रही थी। इसी को लेकर आरोपी उस पर दबाव बना रहा था।
स्लाइड्स पर क्लिक कर पढ़िए पूरी खबर...