पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपानीपत. दबंगों की हिमाकत देखिए कि छेडख़ानी से रोका तो ईंट मारकर उसका सिर फोड़ दिया। छेडख़ानी का सिलसिला यह पहला नहीं था, घर जाकर भी छेड़छाड़ होती थी। दबंग युवकों की मार से घायल हुई युवती को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उसकी हालत को गंभीर देखते हुए मंगलवार को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। मामला गंभीर होने के बावजूद पुलिस ने खानापूर्ति करते हुए सिर्फ शिकायत ही दर्ज की है।
घटना अजीजपुर की है, जहां पर सोमवार रात लोगों के घरों में चौका बर्तन का काम करके आ रही पूजा पुत्री अशोक के साथ गांव के ही कुछ युवक छेडख़ानी करने लगे। पूजा ने जब इसका विरोध किया और उनसे बचने के लिए वहां से भागने लगी तो युवकों ने पीछे से ईंट मारकर उसका सिर फोड़ दिया। शोर सुनकर आस-पास के लोग जब तक पहुंचते तब तक युवक भाग गए। युवती को उसके भाई शंकर और परिवार वालों ने सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। इस मामले में सिटी थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है।
दो दिन पहले हुई थी पंचायत
शंकर ने बताया कि छेडख़ानी को लेकर दो दिन पहले ही गांव में पंचायत हुई थी। पंचायत में परिवार ने छेडख़ानी की घटना को रोकने और सभी आरोपी युवकों से माफी मांगने की शर्त रखी थी, लेकिन पंचायत ने किसी भी आरोपी को कोई सजा नहीं सुनाई, बल्कि सभी गांव वाले उन्हें ही दोषी ठहरा रहे हैं।
भाई का आरोप, रोज करते हैं छेड़खानी
युवती के भाई शंकर ने बताया कि उसकी चार बहनें हैं, जिसमें से तीन बहनें घरों में काम करती हैं। इनके साथ काम पर आते जाते हुए गांव के ही युवा छेडख़ानी करते रहते हैं। इस बारे में पुलिस को भी शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। शंकर ने गांव के ही रवि, ओमप्रकाश, रोहताश, करण, गौरव और काला पर आरोप लगाते हुए कहा कि सभी युवा हर समय घर के पास खिड़की के सामने खड़े होकर गंदी गंदी गालियां बकते रहते हैं, अगर कोई कुछ कहता है, तो मारने के लिए दौड़ते हैं। इससे पूरा परिवार खौफ में जी रहा है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.