पानीपत. हाईवे के कटों को खुलवाने के लिए दुकानदारों और व्यापारियों का दो दिन का धरना और सांसद डॉ. अरविंद शर्मा का साथ भी पूरी तरह से रंग नहीं लाया। फिलहाल लालबत्ती, संजय चौक और बस अड्डा का कट नहीं खोला जाएगा। यह स्पष्ट बात डीसी समीरपाल सरो व एसपी बी.सतीश बालन ने डीसी के कैंप कार्यालय में दोपहर बाद 3:30 बजे से 6:45 बजे तक चली संयुक्त व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की बैठक में कही।
डीसी ने कहा कि लालबत्ती पर कट खुलने से ज्यादा जाम लगेगा। इसलिए लालबत्ती चौक व बस अड्डा के बीच राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के पास कट या यू-टर्न बनाने का प्रयास किया जाएगा। इस बारे में पांच फरवरी तक व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों को भी बुलाकर, वह और एसपी बालन मौका मुआयना करेंगे। इससे तय है कि 2 फरवरी तक कटों का मामला शांत हो गया, क्योंकि इस दिन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा शहर में कई परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करने आ रहे हैं।
सांसद डॉ. शर्मा ने कहा- लोकहित में हुआ फैसला
सांसद डॉ.अरविंद शर्मा ने भास्कर से बातचीत में कहा, ‘मैंने व्यापारियों का साथ दिया। लोकहित के लिए अब प्रशासन यू टर्न बनवाएगा। जाम भी नहीं लगेगा और बाजार में भी आवाजाही आसानी से होगी।’
मंडल का सुझाव- ऑटो भी बंद हों
-लालबत्ती चौक, बस अड्डा चौक और संजय चौक के कटों के पास यू-टर्न बनाए जाएं।
-लालबत्ती चौक पर ऑटो नहीं खड़े होने दिए जाएं। इससे जाम लगता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उनका ऑटो चालकों से कोई द्वेष नहीं है।
क्योंकि सामने से नहीं लगेगा जाम
लालबत्ती के सामने कट से असंध रोड की तरफ का ट्रैफिक दिल्ली लाइन पर जाता है तो करनाल की तरफ से आने वाला ट्रैफिक इसी कट से करनाल लाइन की तरफ या फिर मॉडल टाउन की ओर चला जाता है। आमने-सामने ट्रैफिक आने से हाईवे के अलावा असंध रोड पर भी जाम की स्थिति बन जाती है। बस अड्डा और लालबत्ती के बीच यू-टर्न बनेगा तो दोनों का ट्रैफिक आमने-सामने नहीं आएगा और जाम लगने की आशंका कम रहेगी। रेलवे रोड पर इसी तरह का यू-टर्न बना हुआ है।
स्लाइड्स पर क्लिक कर पढ़िए पूरी खबर...