पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंखरखौदा. एक और दो जून को होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा 2013 के तहत आवेदन प्रक्रिया जोर-शोर से है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आवेदन फार्म को ध्यानपूर्वक पढ़कर ही अप्लाई करें।
ऑनलाइन आवेदन में कुछ आप्शन ऐसे हैं, जो गलत होने पर उन्हें दोबारा से सुधारा नहीं जा सकता। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अगर एक आवेदक दो गृह जिलों से फार्म अप्लाई करेगा, उनका एडमिट कार्ड एवं रोल नंबर बोर्ड द्वारा रद्द कर दिया जाएगा। इसी तरह से कुछ गलतियां ऐसी हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। वे गलतियां अगर ऑनलाइन आवेदन में मिलेंगी तो उन आवेदकों के आवेदन भी रद्द हो सकते हैं।
एचटेट की ऑनलाइन प्रक्रिया में बोर्ड ने हिदायत थी कि जो फोटो अपलोड किया जाएगा, उस फोटो पर डेट ऑफ फोटो जरूरी है। लेकिन इसके बाद भी बोर्ड को हजारों आवेदन बगैर डेट ऑफ फोटो के भेजे गए हैं। इसी तरह से बहुत सी गलतियां ऑनलाइन आवेदनों में हो रही हैं। ऐसे में आवेदकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
‘मुन्ना भाइयों’पर नजर
ऑनलाइन प्रक्रिया के दौरान कोई आवेदक मुन्नागिरी न दिखा सके, इसके लिए बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि फोटो, हस्ताक्षर व अंगूठे की छाप में अगर गलती मिली तो ऐसे आवेदकों को एक अलग कैटेगरी में रद्द करने के लिए डाल दिया जाएगा। वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक के बाद ही ऐसी गलतियों पर निर्णय लिया जाएगा। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी के तहत परीक्षा में बैठने वाले हर आवेदक की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
छोटी गलतियां सुधारी जाएंगी
॥बोर्ड ने विभाग की वेबसाइट पर संपूर्ण विवरण विस्तार से दिया है। अगर एक ही आवेदक दो जिलों से आवेदन करता है तो उसका आवेदन रद्द कर दिया जाएगा। इसके अलावा जिन लोगों ने बगैर डेट फोटो अपलोड किया है व बोर्ड में भेजा है, ऐसे आवेदक अपना एक डेट लिखा हुआ फोटो, रजिस्ट्रेशन एक लेटर पर लिखकर बोर्ड में भेजें, ताकि उनकी गलती को सुधारा जा सके। इसके अलावा अन्य बड़ी गलतियों पर बोर्ड की बैठक में निर्णय लिया जाएगा।
-एचएल परूथी, कंसलटेंट एचटेट हरियाणा बोर्ड।
13 जिलों में ही होगी परीक्षा!
सोनीपत. शिक्षा बोर्ड की नजर में प्रदेश के आठ जिले अति संवेदनशील श्रेणी में आते हैं। यही कारण है इस बार भी उन जिलों के विद्यार्थियों को अब दूसरे जिलों में जाकर परीक्षा में बैठना पड़ सकता है। बोर्ड अधिकारी बताते हैं एचटेट परीक्षा प्रदेश के 22 जिलों में से 13 जिलों सहित चंडीगढ़ में संचालित की जाएगी। बोर्ड की ओर से भिवानी, रोहतक, झज्जर, सिरसा, महेंद्रगढ़, जींद, मेवात व पलवल जिले में परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी।
नेगेटिव मार्किग नहीं: एचटेट परीक्षा में इस बार नेगेटिव मार्किग को लेकर कोई प्रावधान नहीं रहेगा, जिससे गलत जवाब देने के कारण परेशान रहने वाले भावी शिक्षकों को अंक कटने का कोई डर नहीं सताएगा। राज्य में शिक्षक भर्ती के लिए अनिवार्य की गई एचटेट परीक्षा अगले महीने जून में शुरू हो रही है। 2011 में संचालित की परीक्षा में अधिकांश विद्यार्थी इस वजह से भी परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर सके थे। क्योंकि उनके नेगेटिव मार्किग के तहत नंबर कट गए थे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.