करनाल। अक्सर लोग
श्राद्ध पक्ष में शुभ काम करने से बचते हैं। प्रदेश में चुनावी सरगर्मी भी मंद है। लेकिन ज्योतिषाचार्यों का मानना है, "हम श्राद्घ पक्ष में भी शुभ कार्य कर सकते हैं। इस समय पूर्वजों के लिए कर्म किया जाता है। उनकी कृपा प्राप्त की जाती है। श्राद्घ पक्ष को लेकर लोगों में भ्रांति सही नहीं है। इसमें किया गया कार्य सफल होता है, क्योंकि पूर्वजों की कृपा प्राप्त होती है। जापान में तो
पितृ पक्ष में लोग शुभ कार्य शुरू करते हैं।'
यह समय रहेगा अति उत्तम
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 20 से 27 सितंबर तक चुनाव आयोग ने नामांकन दाखिल करने की तारीख तय की है। दोपहर को 11.30 से 12.15 बजे तक अभिजीत काल में किया गया कार्य सफल होता है। यही वह काल है जिसमें भगवान राम पैदा हुए थे। यह काल स्वयं सिद्ध होता है।
यह रहेंगी शुभ घड़ियां
20 सितंबर-10.49 से 1.10 बजे तक, 21 को 10.46 से 1.06 बजे तक, 22 को 10.41 से 1.02 बजे तक, 23 को 10.33 से 12.58 बजे व 1.01 से 6.41 बजे तक, 24 को 10.33 से 12.54 बजे तक, 25 को 10.29 से 12.50 बजे तक, 26 को 10.25 से 12.48 बजे तक व 27 सितंबर को 10.21 से 12.32 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते हैं।
अति उत्तम मुहूर्त 24 सितंबर को
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार 24 सितंबर को दिन बुधवार उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र व शुक्ल योग अति शुभ मुहूर्त बन रहा है। आवेदनकर्ताओं ने इस दिन को ही प्राथमिकता दी है और ऐसा माना जा रहा है कि इसी दिन सर्वाधिक आवेदन किए जा सकते हैं।
इन दिनों में रखें परहेज
अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष एवं वेद विज्ञान शोध संस्थान के संचालक पंडित वेद प्रकाश जाबाली के अनुसार 25 सितंबर को आशुज माह की प्रतिपदा है। इस दिन कभी भी शुभ कार्य नहीं करना चाहिए। जबकि 27 सितंबर को स्वाति नक्षत्र है, इस नक्षत्र में किया गया कार्य कष्टदायी व परेशानी देने वाला होता है। स्वाति नक्षत्र का स्वामी राहु होता है, राहु एक क्रूर ग्रह है, जो कि घोर कष्ट एवं परेशानी देने वाला है। इसलिए इन दिनों को ध्यान में रखें।