पानीपत/समालखा. मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पानीपत और समालखा की नई अनाज मंडी में भाजपा और इनेलो पर जमकर प्रहार किए। कैथल में पीएम की रैली का जिक्र एक बाद फिर से हुड्डा ने करते हुए कहा कि अपमान का बदला वोट की चोट से लेना। सीएम ने पानीपत की सभी चारों विधानसभा सीट कांग्रेस की झोली में डाली। वहीं शहर से कांग्रेस के प्रत्याशी वीरेंद्र उर्फ बुल्ले शाह ने दो सीटें मांगी। अपनी शहर की सीट और ग्रामीण से खुशीराम जागलान की। शाह ने इसराना और समालखा सीट का जिक्र तक नहीं किया।
ग्रामीण से प्रत्याशी खुशीराम जागलान, समालखा से धर्मसिंह छौक्कर और इसराना से बलबीर सिंह बाल्मीकि के नामांकन में शामिल होने के लिए हुड्डा शनिवार को पानीपत पहुंचे। पानीपत की अनाज मंडी में बलबीर बाल्मीकि नहीं पहुंचे, क्योंकि यह पूरी तरह से खुशीराम जागलान का कार्यक्रम था। शहर से प्रत्याशी बुल्ले शाह बोलने के लिए आए तो अपनी और खुशीराम को जिताने की अपील कर गए। सीएम बोलने के लिए आए तो तीन सीटें जिताने की बात कही। फिर समालखा भी याद आया। यहां पर रोड शो की तैयारी थी। दोपहर बाद 1:30 बजे मुख्यमंत्री हुड्डा पहुंचे।