रेवाड़ी. केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने भाजपा में टिकट लेकर बढ़ रही बगावत को चुनाव के समय एक सामान्य प्रक्रिया बताया है। उन्होंने कहा कि दो-तीन दिन में रूठों को मना लिया जाएगा। प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी 8 रैलियां कर चुनाव प्रचार करेंगे। राव इंद्रजीत मंगलवार को महान स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम की पुण्यतिथि पर आयोजित शहीदी दिवस कार्यक्रम के बाद भास्कर से बातचीत कर रहे थे। राव ने टिकट के मापदंड व वितरण को लेकर उठ
रहे सवालों का सिलसिलेवार जवाब दिया।
विशेष बातचीत- राव इंद्रजीत सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री
भाजपा में टिकटों को लेकर इतनी बगावत क्यों हो रही है?
चुनाव के समय हर पार्टी में ऐसा होना स्वाभाविक है। भाजपा में इसलिए ज्यादा है क्योंकि वह हरियाणा में पहली बार सरकार बनाने की दिशा में बढ़ रही है।
बगावत से तो भाजपा को अच्छा खासा नुकसान होगा?
ऐसा नहीं है, दो-तीन दिन में रूठों को मना लेंगे। हम सभी का मकसद भाजपा को हर सूरत में सत्ता में लाना है।
कोसली में अपने भाई के खिलाफ प्रचार करने के लिए जाएंगे?
कांग्रेस को खत्म करना हमारी प्राथमिकता है। इसमें परिवार कहीं आड़े नहीं आता।
सुना है कि महेंद्रगढ़, बादशाहपुर और रेवाड़ी में प्रचार नहीं करेंगे ?
ऐसा कुछ नहीं हैं, सभी मिलकर प्रचार करेंगे। यहां कुछ कार्यकर्ता टिकट नहीं मिलने पर नाराज चल रहे हैं, उनसे बातचीत कर मना लिया जाएगा।
टिकट बंटवारे में भाजपा ने परिवारवाद को दूर रखा है लेकिन सुषमा स्वराज की बहन, रामबिलास शर्मा के समधि को टिकट दे दिया, आपकी बेटी को नहीं दिया, यह कैसी नीति है ?
यह पार्टी के भीतर का मामला है। हाईकमान से इस बारे में बातचीत करने के बाद ही कुछ कह सकते हैं।
पीएम मोदी हरियाणा में कब रैली करने जा रहे हैं ?
पीएम मोदी की 8 रैलियां होगी। कहां-कहां होगी इसका शेड्यूल अभी फाइनल होगा। महेंद्रगढ़ में
अमित शाह आ चुके हैं। रेवाड़ी में मोदी पहले ही आ चुके हैं। हमारा प्रयास है कि नारनौल में मोदी की जनसभा हो।
कितनी टिकट अपने समर्थकों को दिलाने में कामयाब रहे?
10 सीटे हैं, जहां हाईकमान ने मेरे सुझाव को माना है।