पानीपत. लोकसभा चुनाव के समय भाजपा की सरकार बनने पर कुंवारों को बिहार से दुल्हन दिलाने का बयान देकर विवादों में आए भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ आज भी अपनी बात पर कायम हैं। हमारे चीफ रिपोर्टर प्रदीप नारायण ने उनसे पूछे पांच सवाल।
क्या आप कुंवारों की शादी करवाने वाले वादे पर कायम हैं?
यह मौजूदा सामाजिक असंतुलन का इश्यू है। लड़कियां खरीदकर लाने की बजाय सम्मान के साथ ब्याह कर लाई जाएं। इसके लिए हम सामाजिक मर्यादा को ध्यान में रखते हुए शादी कराने की पहल को जारी रखेंगे।
चर्चा है कि बादली में फाइट टफ है, कैसे जीतेंगेे?
आपकी नजर में है। हमारे हिसाब से तो
नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद ही यहां के लोगों ने भाजपा की सरकार बनाने का मन बना लिया।
अशोक तंवर ने भाजपा को भगोड़ों की पार्टी बोला था, कांग्रेस के ताजा हालात पर आप क्या नाम देंगे?
कांग्रेस अब मलाई मार नेताओं की गैंग रह गई है। अच्छे लोग भाजपा में आ गए हैं। आने वाले दिनों में इस पार्टी का नाम ‘भागे श्री’ पड़ जाए तो बड़ी बात नहीं होगी।
स्वामी नाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करवाने के लिए आप क्या कर रहे हैं?
भाजपा के घोषणा पत्र में इसे शामिल कर लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद अपने भाषण में इसे दोहरा चुके हैं। जल्द ही खुशखबरी मिल जाएगी। देखते रहिए। अच्छे दिनों की शुरुआत हो चुकी है।
खुद को मोदी के नजदीक बताने वाले नेताओं की गिनती बढ़ रही है, आप खुद को कहां पाते हैं?
यह बताने की जरूरत नहीं है। लौह पुरुष सरदार पटेल स्मारक के लिए बनाई गई लौह संग्रहण। समिति का राष्ट्रीय संयोजक बनाना, अपने आप में जवाब है।