पानीपत। एक तो बाइक चोरी की और उस पर हिलोरे खाकर स्टंट कर यातायात नियमों की उल्लंघना भी की। पुलिस की नजर में चढ़ा तो उसे रुकवा लिया। कागजातों की जांच हुई तो पता चला कि बाइक चोरी की है। युवक को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने दो बाइक चोरी करने की बात कबूली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। रविवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सज्जन चौक पर सेक्टर-29 चौकी इंचार्ज प्रवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस गश्त व चेकिंग कर रही थी। इस दौरान स्पलेंडर मोटरसाइकिल पर युवक हिलोरे खाते हुए स्टंट करता चल रहा था। पुलिस की नजर उस पर पड़ी तो उसे रुकवा लिया। युवक की पहचान सैनी कॉलोनी में रहने वाले 22 वर्षीय मोनू के तौर पर हुई। उससे बाइक के कागजात मांगे गए तो वह कागजात नहीं दे पाया।
पुलिस को उस पर शक हुआ और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। युवक ने बताया कि उसने यह बाइक एक साल पहले एकता विहार कॉलोनी से चुराई थी। चौकी इंचार्ज प्रवीन बताया कि पुलिस पूछताछ में मोनू ने बताया कि दो महीने पहले भी सेक्टर-12 में ग्रीन बेल्ट के पास से प्लेटिना बाइक चोरी की थी। रविवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा।