पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Medical College Began Before Opening Politics

भिवानी में मेडिकल कॉलेज खुलने के पहले ही शुरू हुई राजनीति

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भिवानी, चंडीगढ़। भिवानी में पूर्व सीएम चौधरी बंसी लाल के नाम पर बनने वाले मेडिकल कॉलेज पर खुलने से पहले ही राजनीति शुरू हो गई है। रविवार को प्रदेश स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने जहां इसका कोई प्रस्ताव ही विचाराधीन न होने की बात कही। वहीं उनके इस बयान से कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं बंसीलाल के बड़े बेटे रणबीर महेंद्रा खफा हो गए हैं।
उन्होंने इसे स्वास्थ्य मंत्री का बचकाना बयान बताते हुए भिवानी में नहीं घुसने देने का ऐलान किया है। साथ ही उन्होंने सीएम को भी चेतावनी दी है कि यदि स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को इस तरह की बयानबाजी से नहीं रोका गया तो अंजाम बुरे होंगे।
आमने-सामने
यही रवैया रहा तो विज को भिवानी में घुसने नहीं दूंगा : महेंद्रा
रणबीर महेंद्रा ने सोमवार को कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के बयान से जिले में जनाक्रोश भड़कना तय है। भिवानी की जनता चौधरी बंसी लाल के खिलाफ किसी तरह की बयानबाजी बर्दाश्त नहीं करेगी। वे विकास पुरुष माने जाते हैं। कांग्रेस सरकार ने भिवानी में स्व. बंसी लाल के नाम से मेडिकल कालेज बनाने का प्रस्ताव विधानसभा में पारित करवाकर केंद्र सरकार को भेजा था। अब इस प्रकार का बचकाना बयान देना स्वास्थ्य मंत्री की ओछी मानसिकता का परिचायक है।
मेडिकल कालेज के जल्द निर्माण के लिए वे मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से प्रार्थना करेंगे। सीएम के नाम लोगों का हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने मांग की कि सीएम मंत्री को इस प्रकार के बयान देने से रोकें वरना अंजाम बुरा होगा। विज को भिवानी में घुसने नहीं दिया जाएगा।
महेंद्रा कोई आतंकवादी हैं जो घुसने नहीं देंगे: विज
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने रणबीर महेंद्रा के बयान और उसकी भाषा पर आपत्ति करते हुए कहा है कि महेंद्रा कोई आतंकवादी हैं जो जिले में घुसने नहीं देने की धमकी दे रहे हैं। एक जनप्रतिनिधि की यह भाषा नहीं हो सकती। महेंद्रा को शालीनता का व्यवहार करना चाहिए। विज बोले-‘रविवार को मुझसे भिवानी में पत्रकारों ने पूछा गया था कि वहां मेडिकल कॉलेज बनाने का कोई प्रस्ताव है।
मैंने यही कहा कि इस तरह का कोई प्रस्ताव नहीं है। मैं कभी झूठ की राजनीति नहीं करता, हमेशा स्पष्ट बात करता हूं। हो सकता है महेंद्रा को यह बात नागवार गुजरी हो, लेकिन उन्हें वस्तुस्थिति की जानकारी लेकर ही मीडिया में अपनी बात कहनी चाहिए थी।’
हमने तो बजट पास किया था : हुड्डा
भिवानी में मेडिकल कॉलेज की योजना के लिए हमारी सरकार ने बजट पास किया था। भाजपा सरकार रोल बैक सरकार बन गई है। सरकार ने हरियाणा को नंबर वन बनाकर भाजपा के हवाले किया है।
-भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व सीएम
भाजपा विधायक का दावा
चार दिन पहले भिवानी से भाजपा विधायक घनश्याम सर्राफ ने मीडिया के सामने कहा था कि शहर में मेडिकल कॉलेज व खेल यूनिवर्सिटी बनाने के लिए जमीन अधिग्रहण किया जा रहा है। शनिवार को विज ने स्पष्ट किया कि ऐसा प्रपोजल नहीं है।
(फोटो- रणबीर महेंद्रा, पूर्व विधायक और बाएं अनिल विज, स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री)