पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

MSG बनी पुलिस की TENSION, रिलीज से पहले सिनेमाघरों के बाहर तैनात हुए पुलिसकर्मी

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पानीपत। कल रिलीज होने वाली डेरा सच्चा सौदा मुखी गुरमीत राम रहीम की फिल्म एमएसजी ने पुलिस विभाग के लिए टेंशन खड़ी कर दी है। एक तरफ तो सिख संगठन विरोध में खड़े हो गए हैं, वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने हुड़दंगबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दे दी है। ऐसे में फिल्म की रिलीज पर कल विवाद खड़ा हो सकता है। पुलिस के साथ- साथ सरकार पर भी दबाव बना हुआ है। पुलिस प्रशासन इस कदर चौकन्ना हो गया है कि हर जिले के सिनेमाघरों के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और धारा-144 लगा दी गई है। पुलिस ने पहले से चेतावनी दे दी है कि कानून को हाथ में लेने वाले और हुड़दंगबाजी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

गौरतलब है कि एमएसजी पर पिछले काफी समय से विवाद हो रहा है। पहले तो फिल्म की रिलीज अटक गई थी, लेकिन अब पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की हरी झंड़ी और सेंसर बोर्ड द्वारा सर्टिफिकेट दिए जाने के बाद फिल्म की रिलीज कल तय मानी जा रही है। फिल्म में गुरमीत राम रहीम की भूमिका पर सिख संगठनों को आपत्ति है। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एचएसजीपीसी) और सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) खुलकर इसका विरोध कर रही हैं। इसके साथ-साथ राजनीतिक दल इंडियन नेशनल लोकदल भी विरोध दर्ज करा रहा है। इन संगठनों ने पुलिस बल तैनात होने के बाद भी फिल्म का विरोध करने का ऐलान कर रखा है।

जगदीश झींड़ा ने हाईकोर्ट में डाली याचिका पर कोर्ट का इन्कार

आज एचएसजीपीसी के अध्यक्ष जगदीश सिंह झींड़ा ने एमएसजी पर रोक लगाने के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन कोर्ट ने फिल्म पर रोक लगाने से इन्कार कर दिया है। ऐसे में बाबा को राहत मिली है।

फिल्म की रिकॉर्ड बुकिंग

वहीं इस फिल्म को लेकर डेरा सच्चा सौदा के समर्थकों में बड़ा उत्साह है। डेरा प्रेमियों ने फिल्म की रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग करा ली है। विवादों के बीच फिल्म की रिकॉर्ड बुकिंग रहने वाली है, ऐसे में फिल्म बड़े हिट नंबर में शुमार हो सकती है।