पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

स्पीकर पर आरोप लगाने वाले नायब तहसीलदार पर केस

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
यमुनानगर. नौ दिन लापता रहने की वजह से चर्चाओं में रहे छछरौली के नायब तहसीलदार आनंद रावल अब नई वजह से सुर्खियों में हैं। एक गुमनाम चिट्ठी के आधार पर पुलिस ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज कर लिया है। आरोप है तीन साल की नौकरी में उन्होंने करोड़ों रुपए की संपत्ति बना ली। केस दर्ज होने के बाद गुरुवार को रावल ड्यूटी पर नहीं आए। मामले की जांच जगाधरी के डीएसपी राजेश कुमार करेंगे और इसके लिए रावल की तलाश शुरू कर दी है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक रावल को निलंबित किया जा सकता है।
पहले इसलिए चर्चा में आए
तीन जनवरी को नायब तहसीलदार अपनी कार व मोबाइल जगाधरी के पास छोड़कर खुद गायब हो गए थे। गुर्जर समाज उनके पक्ष में आया। पुलिस ने दबाव में अपहरण का केस दर्ज किया। इस मामले में परिजनों ने विधानसभा स्पीकर कुलदीप शर्मा का नाम भी घसीटा था। नौ दिन बाद नायब तहसीलदार लखनऊ, आगरा व दिल्ली होते हुए अपने घर पहुंच गए थे। उसके बाद 25 पेज के बयान में रावल ने कहा था कि वे मानसिक रूप से परेशान होकर खुद ही चले गए थे।
3 साल की नौकरी में करोड़ों की जमीन
डीएसपी अजय राणा ने बताया कि नायब तहसीलदार के खिलाफ गुमनाम चिट्ठी आई। जिसमें आरोप लगाया कि 2008 में नायब तहसीलदार की नौकरी लगी थी। तीन साल में उसने करोड़ों की जमीन ली और व फैक्टरी में अप्रत्यक्ष साझेदारी भी की।इस समय रावल को करीब 42 हजार रुपए वेतन मिलता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की गई। राणा का कहना है कि जांच में 15 दिन का समय लगा।
ये संपत्ति मिलने का जताया है दावा
पुलिस का कहना है कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि नायब तहसीलदार ने तीन सालों में करनाल जिले के गांव कोहंड व कुछ अन्य जगह छह से सात एकड़ जमीन खरीदी, जिसकी कीमत करोड़ों में है।यह जमीन रावल के परिजनों के नाम है। कोहंड में एक होटल, एक बड़ा घर व तीन कारें भी हैं।इसके अलावा नीलोखेड़ी में तारकोल बनाने की दो फैक्ट्रियों में अप्रत्यक्ष साझेदारी है। अब पुलिस रावल के बैंक खातों की जांच भी करेगी।
कुछ लोग मुझे फंसाना चाहते हैं : रावल
इस मामले में नायब तहसीलदार आनंद रावल बोले, ‘मेरे गांव कोहंड के कुछ लोग, अफसर व राजनीतिज्ञ मुझे झूठे मामले में फंसाना चाहते हैं। मैं समय आने पर इसका खुलासा करूंगा। गांव के पास काले तेल (लुब्रीकेंट का वेस्ट) की करीब 50 फैक्ट्रियां चल रही हैं। उनके संचालक सोचते हैं कि मैंने उनके खिलाफ शिकायत करके उनका बिजनेस बाधित किया। वही लोग मुझे फंसाना चाहते हैं। मेरे पास सिर्फ एक कार है और उसके लिए मैंने 6 लाख का लोन लिया हुआ है।’