पानीपत। आपने किसको वोट डाला, वाेट डालने के बाद आपको मशीन बता देगी। हालांकि इसके लिए आपको कोई रसीद नहीं दी जाएगी, लेकिन आपको कनफर्म कर दिया जाएगा कि आपने जिसको वोट डाला, वोट उसी के खाते में गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी व डीसी अजित बालाजी जोशी ने लघु सचिवालय में प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी कि इवीएम के साथ एक और मशीन लगाई जाएगी, जिससे वोट के बारे में पता चल सकेगा।
डीसी ने कहा कि कई बार ऐसा कहा जाता है कि भले ही अलग-अलग प्रत्याशियों के सामने बटन दबाएं, लेकिन वोट किसी एक को ही जाता है। इस मशीन के बाद ऐसे आरोप नहीं लगेंगे। हालांकि यह सुविधा पानीपत ग्रामीण विधानसभा में ही लागू होगी। हरियाणा में कुल छह विधानसभा सीटों पर यह तकनीकी अपनाई जा रही है।
बीएलओ के मोबाइल लोकेशन की होगी जांच
डीसी अिजत बालाजी जोशी ने बताया कि बीएलओ घर-घर वोट की पर्ची लेकर चुनाव का न्योता देने जाएंगे। इसके लिए 200 बीएलओ और इतने ही अन्य अधिकारियों के मोबाइल की लोकेशन की जांच की जाएगी। इन सभी के मोबाइल नंबर को विशेष सॉफ्टवेयर से कनेक्ट किया जाएगा। इसके अलावा सिंगल विंडो सिस्टम बनाया गया है ताकि प्रचार संबंधी अनुमति अधिकतम एक ही दिन में प्रत्याशी को मिल जाए।
29 को होगी नामांकन पत्रों की छंटनी
20 से 27 सितंबर तक नामांकन होंगे। सभी फार्म भरने अनिवार्य हैं, सहायता के लिए प्रशासन ने एक वकील नियुक्त किया है। 29 सितंबर को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी। 1 अक्टूबर को दोपहर बाद 3:00 बजे तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे और उसी दिन चुनाव चिह्न दिए जाएंगे।
रिटर्निंग अधिकारियों के मोबाइल नंबर जारी
चुनाव संबंधी हेल्पलाइन के लिए रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र संख्या- 24 पानीपत ग्रामीण के लिए एसडीएम अश्विनी मलिक को रिटर्निंग अधिकारी, मोबाइल नंबर 08901163144 तथा एआरओ व तहसीलदार अश्विनी गंभीर मोबाइल नंबर 09896900047 है।
पानीपत शहर विधानसभा क्षेत्र संख्या-25 के लिए एडीसी आरएस वर्मा को रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया, जिनका मोबाइल नंबर 09468129097 तथा नरेश शर्मा बीडीपीओ पानीपत को एआरओ बनाया गया, जिनका मोबाइल नंबर 09416302005 जारी किया गया है।
26-इसराना (अ.जा.) के लिए एसएस नेहरा डीडीपीओ पानीपत, मोबाइल नंबर 09466353221 को आरओ व तहसीलदार इसराना मितु धनखड़ मोबाइल नंबर 09315502102 को एआरओ के साथ ही 27-समालखा के लिए एसडीएम विवेक चौधरी, मोबाइल नंबर 09996791773 को आरओ व तहसीलदार समालखा पूनम बब्बर, मोबाइल नंबर 09728038038 को एआरओ बनाया गया है।
346 स्थानों पर 714 बूथ
जिले में कुल 346 स्थानों पर 714 बूथ बनाए गए हैं। कुल 7 लाख 52 हजार 871 मतदाता हैं। इनमें 4 लाख 8 हजार 713 पुरुष और 3 लाख 42 हजार 740 महिलाएं व 1418 सर्विस वोटर हैं। इसराना के वैसरी गांव में पहली बार मतदान केंद्र बनाया गया है। पहले यहां के लोग लोहारी वोट डालने के लिए जाते थे।
पानीपत ग्रामीण की एसडी काॅलेज, पानीपत शहर की एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, इसराना की आर्य पीजी काॅलेज स्पोर्ट्स काॅम्पलेक्स हॉल संख्या-2 और समालखा की आर्य पीजी काॅलेज के स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स हॉल संख्या-1 में गिनती होगी। इस मौके पर एडीसी आरएस वर्मा, डीआरओ वीके बठला, डीडीपीओ एसएस नेहरा, नायब तहसीलदार अर्जुन भटेजा, मुकेश सरदाना और दीपक पाराशर मौजूद रहे।