पानीपत | पिता विनोद रावल व मां सुमन तो 10वीं तक ही पढ़े हैं। उन्होंने अपनी तीन बेटियों को पढ़ने और खेलों में भाग लेने से कभी नहीं रोका। घर से बहुत दूर स्कूल में जाकर तीसरी छोटी बेटी कोमल रोजाना अभ्यास करने जाती। यह बेटी अब थ्रोबॉल में चैंपियन बन गई है। हाल ही में गणतंत्र दिवस समारोह में उसे खेल मंत्री अनिल विज ने सम्मानित किया। कोमल की दो बहनें भी खिलाड़ी हैं।
छाजपुर खुर्द की बेटी दसवीं में पढ़ती है, बेंगलुरु में जीता मेडल
बेंगलुरु में शानदार प्रदर्शन कर दूसरा स्थान पाने वाली सनौली रोड निवासी कोमल रावल ने अपनी जीत का श्रेय माता-पिता को दिया। उसके पिता विनोद रावल मूल रूप से गांव छाजपुर खुर्द के रहने वाले हैं। कोमल गीता विद्या मंदिर, पानीपत में 10वीं कक्षा में पढ़ती है। कोमल की बड़ी बहन अंजली व काजल भी खेलों में नाम चमका रही हैं। अंजली बीएसई कंप्यूटर के बाद बीएड कर रही है। वह एथलीट है। काजल बीएससी सेकेंड ईयर में पढ़ रही है। काजल ने भी थ्रोबाल, बेसबॉल में पदक जीते हैं। मलेशिया में हुई थ्रोबॉल में भी भाग ले चुकी है।
(फोटो- पानीपत.थ्रोबाॅल प्रतियोगिता में मेडल प्राप्त करने वाली कोमल अपनी बुआ ओमवती, पिता विनोद रावल और मां सुमन के साथ।)