पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Officers Are Bypass Their Own Minister Vij

स्वास्थ्य मंत्री विज को बाइपास कर रहे उनके ही अफसर

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़। अपनी कार्य शैली को लेकर चर्चा में रहने वाले स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को उन्हीं के विभागीय अफसर बाइपास करने लगे हैं। विभिन्न विकास कार्यों व योजनाओं के सीएम खट्टर से उद्घाटन करवाए जा रहे हैं और विज को पूछा तक नहीं जा रहा है। बल्कि उन्हें अतिथि के तौर पर कार्यक्रमों में शामिल होने के निमंत्रण पत्र ही भेजे जा रहे हैं।

ताजा मामला पंचकूला अस्पताल में बनी नई बिल्डिंग के उद्घाटन से जुड़ा है। इस बिल्डिंग का सीएम मनोहर लाल खट्टर 20 फरवरी को उद्घाटन करने वाले हैं। हालांकि विभागीय अतिरिक्त मुख्य सचिव रामनिवास ने यहां जारी एक बयान में कहा है कि कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज मौजूद रहेंगे। जबकि खुद विज ने इस कार्यक्रम में जाने से इनकार किया है। इसकी वजह यह है कि इस बिल्डिंग का उद्घाटन करवाने के लिए न तो उनसे पूछा गया और न ही कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सहमति ली गई है।
उन्होंने पंचकूला विधायक ज्ञानचंद गुप्ता के आग्रह को यह कहकर टाल दिया कि ऐसे में उनका कार्यक्रम में शामिल होना संभव नहीं है। इधर, विज को बाइपास करने के सवाल को एसीएस रामनिवास ने यह कहकर टाल दिया कि इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। वैसे वे अभी आउट ऑफ स्टेशन हैं।
जबकि सरकारी बयान में बताया गया है कि स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने पंचकूला के नये भवन में उपकरण और फर्नीचर की खरीद के लिए 70 लाख रुपए मंजूर किए हैं। अस्पताल में लिफ्टमैन, सुरक्षाकर्मी, स्वीपर तथा माली जैसे विभिन्न पदों को आउट सोर्सिंग पॉलिसी से भरा जाएगा। वीं, भगत फूलसिंह महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर में 8 फरवरी को ही सीएम मनोहर लाल खट्टर ने डायलिसिस यूनिट का उद्घाटन किया था। इस कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र में हालांकि स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को चीफ गेस्ट लिखा गया था।
लेकिन इसके लिए न तो उनकी सहमति ली गई और न ही कार्यक्रम के बारे में कोई जानकारी दी गई थी। विज को कार्यक्रम का निमंत्रण पत्र भी 8 फरवरी को ही भिजवाया गया। इससे क्षुब्ध विज ने उसी दिन इस मामले की जांच करके उनकी सहमति के बिना चीफ गेस्ट बनाए जाने के लिए संबंधित अफसर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के आदेश दे दिए थे।
इधर, अम्बाला में विज के घर डिनर करने पहुंचे सीएम खट्टर
सीएम खट्टर बुधवार शाम डिनर करने स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के घर अम्बाला कैंट पहुंच गए। इससे पहले उन्होंने शहर विधायक असीम गोयल के यहां चाय पी और कार्यकर्ताओं से मिले। कहने को तो यह सीएम का रूटीन कार्यक्रम था, लेकिन पिछले कुछ दिनों चल रही विज की नाराजगी को देखते हुए सीएम का उनके यहां जाना चर्चा का विषय बन गया। सीएम ने कहा कि वे अधिकारियों की मीटिंग लेने आए थे। चूंकि शाम का खाना कहीं तो खाना ही था। विज साहब अम्बाला कैंट में ही रहते हैं, इसलिए उनके यहां चले आए।
इस मुलाकात के न तो कोई पॉलिटिकल उद्देश्य है और न ही ऐसा समझा जाना चाहिए।
सीएम मेरे पुराने मित्र, उनसे न मनमुटाव था, न रहेगा
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि उनका न तो सीएम मनोहर लाल खट्टर से न कोई मनमुटाव था और न ही भविष्य में रहेगा। सीएम उनके पुराने मित्र हैं। विज कैंट में एक मेडिकल सेंटर का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। दिल्ली चुनाव को लेकर किए ट्वीट पर विज ने कहा कि इन चुनावों की रणनीति को लेकर उनकी जो व्यक्तिगत राय थी, उन्होंने उसे ही सोशल मीडिया के माध्यम से व्यक्त किया है।
दिल्ली में भाजपा की हार के प्रश्न पर बोले, इस बारे में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता बैठकर हार के कारणों की समीक्षा करेंगे। जितने भी कारण ध्यान में आएंगे, उन पर विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
इन साइड स्टोरी

विज की कार्यशैली को लेकर साथी मंत्री ही नहीं विभागीय अफसर भी नाराज हैं। तबादला आदेशों का पालन नहीं किए जाने को लेकर विज अतिरिक्त मुख्य सचिव रामनिवास को लेकर न केवल नाराजगी बल्कि सीएम को कार्रवाई करने की सिफारिश भी कर चुके हैं। संभवत: कार्रवाई नहीं हो पाने की ही वजह है कि एसीएस विज को बाइपास कर सीधे खट्‌टर से विकास कार्यों के उद्घाटन व शिलान्यास करवा रहे हैं। औपचारिकता के नाते विज को सिर्फ निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं।