पानीपत। पुलिस चोरी रोकने के लिए गश्त कर रही थी या चोरों की मदद, कि उसने चौकीदार की बात को भी अनसुना कर दिया। पुलिस की इतनी लापरवाही, शायद ही कहीं देखने को मिले। सोमवार की रात पालिका बाजार में चौकीदार ने कपड़े की एक दुकान के अंदर से आवाज सुनी, तो गश्त कर रहे दो पुलिसकर्मियों को बताया। इस पर पुलिस ने यह कहकर चौकीदार को चुप करा दिया कि कुछ नहीं है, तेरा कान खड़क रहा है। सुबह उसी दुकान में 50 हजार की नगदी और तीन लाख रुपए के कपड़े की चोरी का पता चला। पुलिस की इस हरकत से दुकानदार हैरान हैं।
सफीदाें की शिव कॉलोनी के बाबूराम जैन की यहां पालिका बाजार में पारसनाथ साड़ी एंड गारमेंट्स के नाम से दुकान है। मंगलवार की सुबह बाबूराम दुकान का शटर खोलकर अंदर घुसे तो कपड़े बिखरे हुए थे। गल्ला देखा तो टूटा हुआ था। जैन को समझते देर नहीं लगी कि चोरी हुई है। तीन मंजिला मकान के नीचे से लेकर ऊपर तक के सारे दरवाजे टूटे हुए थे।
> दाे दरवाजे और एक शटर उखाड़ा
तीन मंजिला मकान में बेसमेंट भी है। दूसरी मंजिल की छत पर सीढ़ी के साथ बने गेट को तोड़कर चोर अंदर घुसा। पहल तो लोहे की जाली फाड़ दी, फिर दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा। दूसरी मंजिल का दरवाजा तोड़कर पहली मंजिल पर पहुंचा। जहां पर शटर उखाड़कर ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचा। बेसमेंट से लेकर दूसरी मंजिल तक में कपड़े रखे हैं। चोर ग्राउंड फ्लोर के साथ ही पहली मंजिल पर गल्ला तोड़कर निकाले 50 हजार रुपए निकाल लिए।
> कपड़े भी ले गए चोर
बाबूराम जैन ने बताया कि चोर 65 रेडिमेड जारवेट, बेसमेंट से 30 ब्लेजर, 70 साड़ियां, जैकेट और अन्य कीमत कपड़ेे ले गए। जैन के मुताबिक करीब तीन लाख के तो सिर्फ कपड़ ले गए। चोरों ने दुकान को पूरी तरह से तसल्ली से खंगाला।
> चौकीदार ने सुनी आवाज
पालिका बाजार के दुकानदारों ने चौकीदार रखे हुए हैं। चौकीदार देवेंद्र सोमवार की रात भी पहरेदारी पर था। करीब 1:30 बजे उसे दुकान के अंदर से कुछ आवाज सुनाई थी। इतने में दो पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। चौकीदार ने पुलिसकर्मियों को बताया कि दुकान से आवाज आ रही है।
> गश्त पर थी या चोरों की सहायता कर रही थी, यह पुलिस ही जाने : बाबूराम ने कहा कि चौकीदार के कहने के बाद भी पुलिस ने अनसुना कर दिया। थोड़ा भी ध्यान दिया होता तो शायद चोर पकड़े जाते। उन्होंने कहा कि पुलिस गश्त कर रही थी या चोरों की सहायता, यह पुलिस ही जाने। वह तो सिर्फ इतना जानते हैं कि उनकी पूंजी लुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
जांच की, कोई नहीं मिला
^जब चौकीदार ने आहट की सूचना दी तो हमने दुकान जाकर जांच की। वहां कुछ भी नहीं मिला। शिकायती पत्र में बाबूराम जैन ने भी पुलिस की लापरवाही से इंकार किया है।
-विपिन कुमार, एसएचओ सिटी थाना, पानीपत।
(फोटो- पालिका बाजार में पारसनाथ साड़ी एं्ड गारमेंट्स की दुकान में चोरी के बाद टूटी जाली को देखते दुकानदार।)