पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Possession Of Waqf Land In Bhiwani Refrain From Pelting Stones At The Police Team

भिवानी में वक्फ बोर्ड की जमीन से कब्जा छुड़वाने गई पुलिस टीम पर पथराव

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चांग (भिवानी). गांव गुजरानी में गुरुवार को वक्फ बोर्ड की जमीन पर कब्जा छुड़वाने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इससे दो पुलिसकर्मियों को ज्यादा तो अन्य कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। दूसरी ओर ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने भी उन पर लाठियां चलाईं तो इससे दो महिलाओं सहित तीन लोग घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है।
गुजरानी गांव में वक्फ बोर्ड की साढ़े आठ एकड़ जमीन है। इस जमीन पर पिछले कई सालों से कुछ ग्रामीणों ने कब्जा कर उस पर मकान बनाए हुए हैं। इस पर वक्फ बोर्ड की ओर से अदालत में चार केस चल रहे थे। इन केसों में अदालत ने पिछले दिनों वक्फ बोर्ड के हक में फैसला सुनाते हुए प्रशासन को कब्जे हटाने का आदेश दिया था। अदालत के आदेश पर गुरुवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार रामानंद के नेतृत्व में छह दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मी गुजरानी गांव पहुंचे।
जब प्रशासन ने यहां जेसीबी से मकान गिराने शुरू किए तो ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव तेज होता देख पुलिसकर्मियों ने गांव के अन्य मकानों में घुसकर और भागकर अपनी जान बचाई। पथराव में हवलदार सुरेंद्र कुमार और विनोद कुमार को अच्छी चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए भिवानी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। इसके अलावा कई अन्य पुलिसकर्मियों को भी पथराव के चलते चोटें आई हैं।
पुलिस बस के शीशे तोड़े
गुजरानी के ग्रामीणों ने इस दौरान पुलिस की एक बस पर पथराव करते हुए उसके शीशे तोड़ दिए। पथराव में घायल हुए एक पुलिसकर्मी सुरेश कुमार को गंभीर हालत के कारण रोहतक रेफर कर दिया। इसके अलावा इस पथराव में दो महिला पुलिसकर्मी संतरा और अजीत कौर के अलावा ५ अन्य लोग भी घायल हुए हैं।