राई (सोनीपत). राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन राव भागवत ने
लव जिहाद जैसे मामले रोकने के लिए बच्चों में अच्छे संस्कार की वकालत की है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी संतानों को बारीकी से लव जिहाद की घटनाओं से अवगत कराना होगा। साथ ही संघ प्रमुख ने युवाओं से आह्वान किया वे देश की असली ताकत हैं। इसलिए उन्हें लव जिहाद को गंभीरता से लेना चाहिए।
भागवत शुक्रवार को जगदीशपुर के एमएसआईटी में युवा संकल्प शिविर को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब देश पर आपदा हो और देश का नागरिक चुप रहे, तो यह दुश्मन को आनंद देने जैसा है। इसलिए युवाओं को देश और समाज की चिंता होनी चाहिए। उन्हें सबसे पहले उर्जावान होना चाहिए। युवाओं की ऊर्जा का सकारात्मक कार्यों में उपयोग होना चाहिए।
संघ प्रमुख ने कहा कि राष्ट्र के विकास में भागीदार बनना हर व्यक्ति का नैतिक फर्ज है। रविवार को संपन्न होने वाले इस शिविर में विभिन्न खेलों जैसे– कबड्डी, दही हांडी, दौड़, रस्सा-कस्सी आदि का प्रशिक्षण दिया जाना है।