पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Stabbed Woman Coming Out Of The Factory At Night, Severe

रात को फैक्ट्री से लौट रही युवती को चाकू घोंपा, गंभीर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पानीपत. फैक्ट्री से काम करके लौट रही नाबालिग युवती पर जाटल रोड स्थिति पीपल वाली गली में युवक ने चाकू से हमला कर दिया। युवती को पेट व छाती में दो बार चाकू घोंपा गया। उसे घायल अवस्था में एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना मंगलवार रात करीब आठ बजे की है। युवती के पिता ने बताया कि वह जाटल रोड पर आरके पुरम कॉलोनी में मरीना हैंडलूम फैक्ट्री में दरी बनाने का काम करता है।
उसी फैक्ट्री में उनका परिवार भी रहता है। इससे पहले वह शुगर मिल के पास फैक्ट्री में काम करते थे। उसकी दोनों बेटियां अब भी उसी फैक्ट्री में काम करती हैं। मंगलवार रात उसका छोटा बेटा उन्हें लेकर घर लौट रहा था। जब तीनों जाटल रोड पर पीपल वाली गली में पहुंचे तो एक युवक ने शबाना (काल्पनिक नाम) पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगते ही वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई।
उसने बेटी को अस्पताल पहुंचाया। शबाना की बहन ने बताया कि चाकू मारने वाले की पहचान नहीं हो पाई। पिता ने बताया कि वह यूपी के रहने वाले हैं। तीन साल से पानीपत में हैं। उनका किसी के साथ कोई विवाद नहीं है। उन्होंने पुलिस के सामने सब बता दिया है। उनकी बेटी को किसने और क्यों मारा, इसका पता बेटी के होश आने पर लग सकता है। डॉक्टर बता रहे हैं कि उसकी हालत गंभीर है। चाकू का जख्म गहरा है।