पानीपत. नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनाव प्रचार में स्टार वार होगा। तकरीबन सभी राजनीतिक दलाें के स्टार प्रचारकों व सेलिब्रिटीज ने प्रदेश के वोटरों को लुभाने की पूरी तैयारी कर ली। शुरुआत कर रही भाजपा। वो भी मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ व गृह जिले रोहतक से। वे रोहतक में कार्यकर्ता सम्मेलन करेंगे। प्रचार अभियान की शुरुआत टोहाना से। सत्तारूढ़ कांग्रेस की ओर पूर्व राज्यपाल शीला दीक्षित, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर लवली, राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट, राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत इसी हफ्ते अलग-अलग क्षेत्रों में मतदाताओं को रिझाएंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष
राहुल गांधी का हरियाणा आगमन अगले सप्ताह होगा। मुख्यमंत्री हुड्डा ने तो अभियान शुरू भी कर दिया है। इनेलो, हजकां, हलोपा, हजपा जैसी पार्टियों के स्टार प्रचारक उनके सुप्रीमो व वरिष्ठ नेता ही हैं। अलवत्ता पंजाब के बादल पिता-पुत्र इनेलो के लिए वोट मांगते नजर आएंगे। बसपा की सुप्रीमो व यूपी की पूर्व सीएम मायावती भी चुनावी रैली करेंगी। इसके अलावा पंजाबी फिल्मों के स्टार व गायकों के साथ प्रदेश के लोकगायक भी सियासत में रंग भर सकते हैं।
गैस के दाम हर माह 10 रुपए बढ़ाएगी मोदी सरकार: हुड्डा
भाजपा को आम आदमी की कोई फिक्र नहीं। डीजल के दाम, रेल भाड़ा, चीनी के दाम तो बढ़े, जीवन रक्षक दवाओं की कीमतों में भी भारी वृद्धि की गई है। इससे भाजपा का चेहरा बेनकाब हो चुका है। अब केंद्र सरकार गैस सिलेंडर के दाम हर महीने 10 रुपए बढ़ाएगी। इसका फैसला केंद्रीय कैबिनेट कर चुकी है। बस हरियाणा में चुनाव होने तक फाइल दबाई गई है। भाजपा पर ये हमले मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किए। वे शनिवार को फरीदाबाद में कांग्रेस प्रत्याशी आनंद कौशिक के की सभा में बोल रहे थे।
उन्होंने तिगांव, फरीदाबाद एनआईटी व बल्लभगढ़ में रोड शो किया। उन्होंने कहा कि इनेलाे-भाजपा शासन में लोग फरीदाबाद को फकीराबाद कहने लगे थे। हजारों करोड़ के प्रोजक्ट पूरे कर कांग्रेस सरकार ने इसे उज्जवल फरीदाबाद का रूप दिया है। उन्होंने कहा-प्रदेश में उद्योगों के लिए माहौल बना है और मोदी यहां के उद्योगों को गुजरात ले जाने के फिराक में हैं। हुड्डा बोले- "सजायाफ्ता मुजरिम जेल में बैठकर मंत्री या मुख्यमंत्री नहीं बन सकता है। हां, ओमप्रकाश चौटाला चाहवै तो कैदियां की विधानसभा बणा सकै सै।'
चौटाला चाहे तो कैदियां की विधानसभा बणा सकै सै
इनेलो पर निशाना साधते हुए हुड्डा ने कहा- "जेल में शपथ लेने के मामले में न्यायालय पहले ही अपना फैसला दे चुका है। सजा के बाद
जयललिता अब तमिलनाडु की मुख्यमंत्री नहीं रही। जयललिता के मामले में ही 2001 में न्यायालय ने कहा था कि बिना चुनाव लड़े छह महीने तक मंत्री या मुख्यमंत्री बनने के कानून का लाभ सजायाफ्ता अपराधी नहीं ले सकता। लोग झांसे में नहीं आएं। यह है कि सजायाफ्ता मुजरिम जेल में बैठ कर मंत्री या मुख्यमंत्री नहीं बन सकता। हां, ओमप्रकाश चौटाला चाहवै तो कैदियां की विधान सभा का बणा सकै सै।'
अमेरिका से लौटकर मोदी संभालेंगे प्रचार की कमान
चुनाव तैयारियों को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
अमित शाह सोमवार से प्रदेश में डेरा डाल लेंगे। शाह सोमवार सुबह 11 बजे टोहाना में प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। फिर दोपहर एक बजे लोहारू, 3 बजे अम्बाला सिटी में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं संबोधित करेंगे। 30 सितंबर को नारनौंद में कैप्टन अभिमन्यु के लिए जनसभा करेंगे। नीलोखेड़ी और गुड़गांव क्षेत्रों में भी उनकी सभाएं होंगी।
उधर, पीएम मोदी अमेरिका से 4-5 सितंबर को लौटने के बाद हरियाणा में चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। प्रदेश में उनकी 10 जनसभाओं का दौर 7 अक्टूबर से शुरू होगा। तकरीबन सभी प्रत्याशी चाहते हैं कि मोदी की सभा उनके हलके में हो। इसके लिए प्रदेश पार्टी कार्यालय में करीब 78 आवेदन आ चुके हैं। भाजपा के 12 स्टार प्रचारकों में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री
शिवराज सिंह चौहान, कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, सांसद हेमा मालिनी, मनोज तिवारी, उमा भारती, प्रकाश जावड़ेकर व विनोद खन्ना शामिल हैं।