पानीपत। राजकीय कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को आगामी सत्र से नए भवन की सौगात मिलेगी। देशबंधु गुप्ता राजकीय कॉलेज का सेक्टर-18 में नया भवन तैयार हो चुका है। अब इसे फाइनल टच दिया जा रहा है। मई तक भवन को कॉलेज प्रशासन को हैंडओवर कर दिया जाएगा। पीडब्ल्यूडी द्वारा कॉलेज का पूरा स्ट्रक्चर तैयार करवाया गया है। कॉलेज भवन बनने से डाइट की उधार की बिल्डिंग के चंद कमरों में कक्षाएं लगा रहे विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।
2008 से कॉलेज जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में चल रहा है। शहर में पिछली सरकार ने राजकीय कॉलेज बनाने की घोषणा की थी। सेक्टर-18 में कॉलेज भवन निर्माण का कार्य शुरू हुआ। करीब 10.5 एकड़ में कॉलेज बनकर तैयार हो गया है। तीन मंजिला भवन में आधुनिक तरीके से डिजाइन किया गया है। भवन में 12 क्लास रूम, 3 लेक्चर हाल, 1 बैडमिंटन हाल है। लड़कों व लड़कियों के लिए अलग-अलग कॉमन रूम है।
एनसीसी, एनएसएस, स्पोर्ट्स, फर्स्टएड आदि के अलग-अलग रूम हैं। फिजिक्स, जियोग्राफी और केमिस्ट्री के लिए तीन लैब होंगी। एजुसेट रूम भी बना है। तीन साल में भवन का निर्माण हुआ है। तीन मंजिला भवन में ऊपरी मंजिलों में जाने के लिए सीढ़ियों के अलावा रैंप की सुविधा दी गई है। भवन में दो मंजिला कैंटीन भी बनाई गई है। कॉलेज में हजारों किताबों वाली लाइब्रेरी भी होगी।
कई नए कोर्स भी होंगे शुरू
कॉलेज की प्रिंसिपल सविता बवेजा का कहना है कि मई तक बिल्डिंग हैंडओवर हो जाएगी। अभी तक बीए और बीकॉम की पढ़ाई कॉलेज में हो रही है। इस बार बीएससी नॉन मेडिकल और मेडिकल, एमकॉम, एमए राजनीतिक शास्त्र, पब्लिक एड, म्यूजिक कोर्स शुरू करने की भी डिमांड भेजी गई है। उम्मीद है कोर्स चलाने की अनुमति मिल जाएगी। साथ ही कॉलेज में पहले से चल रहे कोर्सेज में सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई है।