पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • The Wedding Went Stall Team, Received Minor

दो बहनों की शादी रुकवाने पहुंची टीम, एक मिली नाबालिग

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पानीपत | नांगलखेड़ी गांव में दो बहनों की कम उम्र में शादी की सूचना मिलकर महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी रजनी गुप्ता की टीम पुलिस को साथ लेकर गांव पहुंची। दो बहनों में बड़ी लड़की बालिग मिली और छोटी नाबालिग थी। टीम ने नाबालिग लड़की की शादी रुकवा दी और बालिग होने पर ही उसकी शादी करने का शपथ पत्र परिजनों से लिया।
महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी को सूचना मिली थी कि नांगलखेड़ी गांव में दो बेटियों की शादी तय की है। लड़कियां नाबालिग हैं और कम उम्र में ही उनकी शादी की जा रही है। प्रोटेक्शन अधिकारी रजनी गुप्ता पुलिस टीम के साथ गांव में पहुंचीं। गांव के सरपंच राजबीर सिंह को मौके पर बुलाया गया। दोनों लड़कियों की बारात गांव में पहुंची थी।
झज्जर के दो सगे भाई सन्नी और अक्षय के साथ उनकी शादी तय की गई थी। टीम ने दोनों लड़कियों की आयु के प्रमाण पत्र मांगे। उम्र के प्रमाण पत्र में बड़ी बेटी तो बालिग मिली, छोटी बेटी की आयु 16 वर्ष ही पाई गई। ऐसे में छोटी बेटी के बालिग होने तक उसकी शादी रुकवा दी गई।

लड़कियों के मां बाप ने सरकार की योजना अपनी बेटी अपना धन योजना के तहत 2500 रुपए कन्यादान राशि भी ली है। यह राशि बालिग होने के कारण बड़ी बेटी को ही मिल पाई। गांव में दो बेटियों की शादी के मंडप में एक बेटी ने ही फेरे लिए, दूसरा दुल्हा बिना शादी किए ही वापस लौटा। रजनी गुप्ता ने बताया कि परिजनों से शपथ पत्र लिए गए हैं।
जब तक लड़की बालिग नहीं होगी, तब तक उसकी शादी नहीं की जाएगी। परिजनों ने इस पर सहमति जताई है। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के लिए मंगलवार को उन्हें कार्यालय में भी बुलाया गया है। दो दिन पहले भी सेक्टर-6 के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में टीम ने नाबालिग लड़की की शादी रुकवाई थी।