रोहतक/पानीपत. 20 जनवरी को पांच यूनियनों के साथ सरकार के समझौते को नकारते हुए हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन ने आंदोलन करने की घोषणा कर दी है। यह यूनियन सर्व कर्मचारी संघ से जुड़ी है। यूनियन के नेता 20 जनवरी की रात को चंडीगढ़ में हुई उस बातचीत में भी शामिल नहीं हुई थी, जिसमें अन्य पांच यूनियनों के नेताओं ने समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। बुधवार को रोहतक में राज्य कार्यकारिणी की मीटिंग के बाद यूनियन के प्रधान सरबत पूनिया व महासचिव धर्मबीर ने बताया कि 6 फरवरी को सभी डिपो पर धरना दिए जाएंगे। इस दौरान सरकार से हुए समझौते की प्रतियां फूंकी जाएंगी। 9 फरवरी को करनाल में रोडवेज के कच्चे व पक्के कर्मचारियों का राज्यस्तरीय सम्मेलन होगा, इसमें बड़े आंदोलन की घोषणा की जाएगी।
दोनों नेताओं ने कहा कि आंदोलन से घबराई सरकार ने कर्मचारियों की एकता को तोड़ने की साजिश के तहत कुछ कर्मचारी नेताओं को डरा धमकाकर अपनी मनमर्जी के फैसले पर हस्ताक्षर करा लिए। सरकार 3519 परमिट निजी मालिकों को देने का रास्ता साफ करना चाहती है और कर्मचारियों का एरियर हड़पने की कोशिश की जा रही है। इधर, दूसरी यूनियनों की परिवहन मंत्री से बैठक आज रोडवेज यूनियनों की तालमेल कमेटी के नेताओं की गुरुवार को चंडीगढ़ में परिवहन मंत्री आफताब अहमद के साथ वार्ता होगी। इसमें 20 जनवरी को उन मुद्दों पर चर्चा होगी, जिन पर सरकार और यूनियन के प्रतिनिधियों के बीच सहमति हुई थी। रोडवेज के जिन कर्मचारी को सरकार सशर्त नियमित करने पर राजी है, उस संबंध में अधिसूचना जारी करने पर भी बात होगी।
बैठक की तारीख तय नहीं
3,519 रूटों पर बसों के प्राइवेट परमिट के मसले पर अभी बातचीत की कोई तारीख तय नहीं है। रोडवेज कर्मियों को 13 व 14 नवंबर को चक्का जाम के बाद सरकार ने तीन मंत्रियों, तीन परिवहन अफसरों और यूनियन नेताओं की एक कमेटी बनाई थी। हालांकि कमेटी की अधिसूचना 14 जनवरी को ही जारी हुई। यूनियनें ये परमिट रद्द करवाने पर अड़ी हैं लेकिन सरकार की मंशा मामले को लटकाकर यूनियनों को किसी तरह सहमत करने की है।
-सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित रोडवेज यूनियन ने क्या फैसला लिया है, इसकी कोई सूचना नहीं है। उस यूनियन के प्रधान सरबत पूनिया व अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठकर बात हो सकती है। वैसे गुरुवार को परिवहन मंत्री से बैठक में एसीपी, पे बैंड व स्केल के मामले उठाए जाएंगे।
-दलबीर नेहरा, प्रधान, हरियाणा रोडवेज कर्मचारी यूनियन (महासंघ से संबंधित)
-सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित रोडवेज यूनियन के नेताओं को कर्मचारी की मांगों से कोई लेना-देना नहीं, वे सिर्फ राजनीति कर रहे हैं। जो मांगें सरकार ने मानी हैं, उन्हें मनवाने के लिए बातचीत हो रही है।
-दलबीर किरमारा, प्रधान, हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ।