पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • U turn For The Underpass Started Picketing

यू-टर्न वाले अंडरपास के लिए धरना शुरू, मांग पूरी होने तक नहीं उठेंगे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पानीपत। हाईवे पर बरसत रोड मोड़ के पास यू-टर्न वाला अंडरपास बनाने की मांग करते हुए यहां रहने वाले लोग अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। जब तक सरकार और प्रशासन की ओर से अंडरपास बनाने का निश्चित भरोसा नहीं दिलाया जाएगा, धरना जारी रहेगा। लोगों का कहना है कि बीते 6 साल से पुल ने उन्हें समस्या ही समस्या दी है। यहां तक की शहर से घर की दूरी भी बढ़ा दी। उन्हें अब आश्वासन नहीं, यू-टर्न वाला अंडरपास चाहिए।
बरसत रोड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधि संजय गुप्ता ने कहा कि पुल बनाते हुए सोचा नहीं गया। इससे बेहतर तो बिना पुल के ही व्यवस्था थी। बरसत रोड से 40 से अधिक गांव व कॉलोनियां हैं। इंदिरा विहार, जसवीर कॉलोनी, गीता कॉलोनी, हरि सिंह कॉलोनी, मोतीराम कॉलोनी, अंसल, कृपाल आश्रम सहित अन्य कॉलोनियों के साथ ही अजीजुलापुर , भैंसवाल, बिचपड़ी, नूरवाला सहित कई गांव भी हैं।
तीन पार्षदों का समर्थन, 28 को सीएम से मिलेंगे
लोगों के समर्थन में वार्ड-2 की पार्षद कमलेश मजोका, वार्ड-3 के पार्षद हरीश शर्मा और वार्ड-4 की पार्षद सीमा पाहवा के पति राजू पाहवा भी आ गए। हरीश शर्मा धरने में भी शामिल रहे। हरीश शर्मा व पार्षद पति राजू तेलवाला ने कहा कि प्रशासन चाहे तो इसे बनाना कोई मुश्किल नहीं। यहां के लोगों से टोल टैक्स लिया जा रहा है, लेकिन कोई सुविधा नहीं है। शहर में 28 दिसंबर को मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर आ रहे हैं। उन्हें इस संबंध में ज्ञापन सौंपेंगे। वार्ड-2 की पार्षद के ससुर मदनलाल मजोका ने कहा कि यू-टर्न वाला अंडरपास बनना ही चाहिए। इससे कम कुछ भी मंजूर नहीं।
शांतिपूर्वक बैठेंगे
सुबह 11 बजे से शाम के 5:00 बजे तक शांतिपूर्वक बैठेंगे। धरने में डॉ. दिलगुलजार सिंह, सुरेश कुमार, ममता, शीला, सरोज, रजनी, राकेश, दीपक, कुंदन सिंह, शीला, मंगेश, नरेश, दीपक, प्रेम प्रकाश, सतपाल, जगदीश, यशपाल, अनूप, राजकुमार, काबल सिंह, रघुवीर, दीपक और प्रदीप मुख्य रूप से शामिल रहे।

बन चुका है प्लान

एक्सपर्ट्स की राय के आधार पर दैनिक भास्कर ने 6 दिसंबर के अंक में यू-टर्न वाले अंडरपास की राह दिखाई थी। डीसी समीरपाल सरोे 18 दिसंबर को केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ होने वाली बैठक में अपना प्लान रखेंगे। अंडरपास के अलावा सब-वे सहित कई योजनाएं शामिल हैं।
(फोटो- बरसत रोड पर धरने पर बैठे बरसत रोड के निवासी।)