पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Water Will Get Development, Roads Are Paved

बाहरी कॉलोनियों में करेंगे विकास मिलेगा पेयजल, पक्की होंगी सड़कें

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पानीपत। अब शहर की बाहरी कॉलोनियों का भी विकास होगा। कच्ची गलियों में इंटरलॉक सड़कें बनाई जाएंगी। हर वार्ड में दो-दो ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। नगर निगम कमिश्नर शिव प्रसाद शर्मा ने लोगों की बीच जाकर अपनी टीम के साथ समस्याएं सुननी शुरू कर दी हैं। कमिश्नर ने अपनी टीम में नगर निगम की हर शाखा से कोई न कोई अधिकारी या कर्मचारी को शामिल किया है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्र की समस्या को मौके पर ही दर्ज कर लें।

कमिश्नर के इंतजार की खुशी, गुड़गुड़ाए हुक्के
कमिश्नर शिव प्रसाद शर्मा अपनी टीम के साथ शाम 5:06 बजे वार्ड-6 की रामनगर कॉलोनी में पहुंचे। उनके पहुंचने से पहले कॉलोनीवासी हरिओम चौक पर एकत्र हो गए थे। इंतजार तो कम किया, लेकिन इस समय को भी खराब नहीं जाने दिया। हुक्का के शौकीनों ने कुर्सी पर बैठकर खूब हुक्का गुड़गुड़ाया। अन्य इन्हीं के पास ही कमिश्नर के सामने रखने वाली समस्याओं की सूची तैयार करने में जुट गए।
वार्ड-5 व 6 से दौरा शुरू

सबसे पहले राम नगर में बबैल रोड विशाल फोटो स्टूडियो के पास पानी की निकासी के लिए नाले की निर्माण की मांग सुनी। यहां के बाद 5:10 बजे दयाकिशन वाली कच्ची गली देखी। यहां के बाद 5:20 बजे बबैल रोड से मिंटू के घर वाली गली देखी। फिर 5:30 बजे बबैल रोड से महीपाल के घर जाने वाली गली का दौरा किया।
कॉलोनियों की जागी उम्मीद, निगम के बाहर के विभाग से भी करवाएंगे काम

कमिश्नर के पहुंचते ही कॉलोनीवासियों की उम्मीद जागी। सभी अपनी समस्याएं बताने के लिए उत्सुक थे। कमिश्नर ने भी कहा, बेशक से आपकी समस्याएं नगर निगम के अंडर न हों। बीएंडआर का काम होगा, तब भी होगा, पीडब्ल्यूडी का काम होगा, उन्हें भी कहा जाएगा। प्रयास होंगे और सफल भी होंगे।
लोग सीधे अपनी समस्याएं बताएं
शहर में विकास कार्यों को कराने के लिए पिछड़ी काॅलोनियों को पहल दी जाएगी। कमिश्नर शिव प्रसाद शर्मा ने बताया कि जहां पर भी गली कच्ची है, पीने के पानी की समस्या है, बिजली की समस्या है, स्ट्रीट लाइटों की समस्या है, किसी के चौपाल या सामुदायिक केंद्र की हालत जर्जर है, जहां पर स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव है, वे लोग अपनी समस्या को बता सकते हैं। उस पर तुरंत काम किया जाएगा।
पानी की समस्या का समाधान सबसे जरूरी
नगर निगम के हर वार्ड में 2-2 ट्यूबवेल लगेंगे। ट्यूबवेल के लिए उन्हीं क्षेत्रों को प्रमुखता दी जाएगी, जहां पर पेयजल की समस्या लंबे समय से और बहुत ज्यादा चली आ रही है। इसके लिए जनस्वास्थ्य विभाग अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा। ट्यूबवेलों को लगवाने का कार्य जन स्वास्थ्य विभाग करेगा, लेकिन इसका खर्च नगर निगम देगा। पानी को लेकर लोगों में काफी रोष है। इसका समाधान सबसे जरूरी है।
टीम के साथ मौके पर जाएंगे, सबकी सुनेंगे

^शहर में नए सिरे से विकास कार्य होंगे। इसके लिए हमारी टीम खुद लोगों के बीच जाकर समस्याएं देखेगी और सुनेगी भी। लोगों के बीच जाने का मुख्य उद्देश्य है कि इन्हें अपनी समस्याएं लेकर बार-बार नगर निगम के चक्कर न लगाने पड़ें। विकास कार्यों के लिए मुख्य रूप से पिछड़ी कॉलोनियों को प्राथमिकता दी जाएगी।'
-शिव प्रसाद शर्मा, आयुक्त, नगर निगम, पानीपत
जल्दी काम शुरू हो जाए

^गलियों के पक्का होने का कार्य जल्दी शुरू हो जाए तो अच्छा होगा। हम लंबे समय से परेशानियां झेल रहे हैं। अब आप आए हैं तो उम्मीद जागी है।'
-रमेश, वार्ड-6 निवासी
गंदे पानी की निकासी के लिए प्रबंध जरूरी

^गंदे पानी की निकासी सबसे पहले होनी चाहिए। घरों के बाहर गंदा पानी जमा रहने से बीमारियां घर में रहती हैं। बहुत परेशानी हैं। निकासी का समाधान होगा तो परेशानी दूर होगी।'
-दया किशन, वार्ड-6 निवासी
(फोटो- रामनगर में अधिकारियों के साथ गली का जायजा लेते नगर निगम के कमिश्नर शिव प्रसाद शर्मा।)