- Hindi News
- National
- कैंटर की टक्कर से युवक की मौत, लोगों ने मार्ग किया जाम, कैंटर में लगाई आग
कैंटर की टक्कर से युवक की मौत, लोगों ने मार्ग किया जाम, कैंटर में लगाई आग
पलवल-अलीगढ़मार्ग पर गांव पेलक चौराहे के निकट बुधवार सुबह साढ़े सात बजे कैंटर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने मार्ग पर जाम लगाकर कैंटर को आग के हवाले कर दिया। सूचना पाकर काफी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंचने पर ग्रामीण वहां से भाग खड़े हुए। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर कैंटर के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
चांदहट पुलिस के अनुसार चांदहट निवासी (25) धर्मपाल मिड-डे मील का राशन स्कूलों में पहुंचाने वाली गाड़ी पर बतौर चालक की नौकरी करता था। बुधवार को सुबह करीब साढ़े सात बजे वह गांव से बाइक पर सवार होकर पलवल ड्यूटी पर रहा था। जब वह पलवल-अलीगढ़ मार्ग पर गांव पेलक के चौराहे पर पहुंचा तभी सामने से आते एक चालक ने कैंटर को लापरवाही से चलाकर बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक कैंटर के नीचे फंस गई और काफी दूर तक जमीन में घिसटती हुई चली गई। जिससे धर्मपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही वहां लोग इकट्ठा हो गए और भीड़ ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही कैंटर को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने तुरंत मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलाकर आग को बुझाया और कैंटर को कब्जे में ले लिया, लेकिन तब तक चालक मौके से फरार हो चुका था। विरोधस्वरूप लोगों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। चांदहट थाना पुलिस के पहुंचने पर जब लोग नहीं माने तो जिले से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।
डीएसपी भगतराम के नेतृत्व में पलवल सीआईए, शहर थाना, कैंप थाना सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने पर करीब दो घंटे लगे जाम को खुलवा दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में मृतक के भाई लक्ष्मण के बयान पर कैंटर के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी हैं।
वहीं, इस मामले में पुलिस कैंटर में आग लगाने वालों की तलाश में जुटी हुई हैं, पुलिस कैंटर में आग लगाने वाले मार्ग जाम करने वालों के खिलाफ भी मामला दर्ज करने की तैयारी में जुटी हुई थी।
पलवल. दुर्घटनाके बाद मार्ग पर जलता हुआ कैंटर।