- Hindi News
- National
- भारतीय जनता पार्टी में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री गोर्धन जेडाफिया पहुंचे पंचकूला
भारतीय जनता पार्टी में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री गोर्धन जेडाफिया पहुंचे पंचकूला
अब हर फसल के लिए मिलेगा मुआवजा
भारतीयजनता पार्टी में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री गोर्धन जेडाफिया का कहना है कि केंद्र सरकार किसानों के वेलफेयर के लिए फसल बीमा योजना शुरू करने जा रही है। इस योजना के तहत किसानों को प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान की पहले से ज्यादा भरपाई मिलेगी। पहले ये स्कीम कुछ फसलों पर ही लागू थी लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से अब हर फसल के नुकसान पर किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
पंचकूला बीजेपी के सेक्टर-2 स्थित ऑफिस में आयोजित प्रेस काॅन्फ्रेंस में उन्होंने यह जानकारी दी। गोर्धन जेडाफिया गुजरात गवर्नमेंट में गृह राज्यमंत्री रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बीमा योजना की जानकारी देने के लिए किसान मोर्चा 9 से 15 मार्च तक किसान जागरण सप्ताह मनाएगा। इससे पहले विभिन्न प्रदेशों में किसान मोर्चा की मीटिंग हो चुकी है। इसी सिलसिले में पंजाब हरियाणा के किसान मोर्चा के पदाधिकारियों की आज मीटिंग हुई। प्रदेश स्तर की मीटिंग होने के बाद अब 15 फरवरी तक देशभर में जिला स्तरीय मीटिंग आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि पहले एक ब्लॉक में अगर 50 गांव आते हैं। इनमें से पांच गांव में अच्छी फसल होने पर पूरे ब्लॉक के गांवों को प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का मुआवजा नहीं मिलता था। अब हर गांव अपने नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे का हकदार होगा। लोन लेने वाले किसानों को ही पहले बीमा का लाभ मिलता था। इससे 20 परसेंट किसान की लाभ उठा पाते थे। अब किसान लीड बैंक से अपना फसल बीमा करा सकेंगे। किसानों को पूरा मुआवजा 90 दिनों के अंदर हर हाल में मिलेगा। पहले ओलावृष्टि या साइक्लोन से हुए नुकसान पर ही मुआवजा मिलता था। अब इसके साथ लैंडस्लाइड, बादल फटने जैसी आपदा पर भी मुआवजा मिलेगा। अगर प्राकृतिक आपदा के समय किसान की मौत हो जाती थी तो 1.50 लाख रुपये सरकार मुआवजा देती थी जिसे अब बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दिया गया है।
भाजपा के सेक्टर-2 स्थित ऑफिस में गोर्धन जेडाफिया ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस।