जिप प्रत्याशी रहा संदीप लूट के प्रयास में गिरफ्तार
भास्कर न्यूज | रेवाड़ी/अलवर
हालमें संपन्न हुए पंचायत चुनाव में रेवाड़ी जिला परिषद का वार्ड 14 से चुनाव लड़ चुके संदीप को अलवर पुलिस ने लूट के आरोप में गिरफ्तार किया है। संदीप ने अपने साथी के साथ रविवार को सुबह ग्राम पंचायत के पास स्थित बाबा भगत जी रेडिमेड गारमेंट पर दुकानदार कृष्ण कुमार पुत्र मोहनलाल मीणा को डरा धमकाकर नकदी अन्य सामान ले जाने की कोशिश की, लेकिन शोर सुनकर आए आसपास के व्यापारियों के कारण बदमाश भाग गए। जिन्हें देर शाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए बदमाशों में संदीप पुत्र बस्तीराम निवासी खोरी (रेवाड़ी) और मंजीत पुत्र राजकुमार निवासी गांव सिलाना (झज्जर) हैं। इन्हें गांव खोरी से गिरफ्तार किया गया है। साथ ही बोलेरो कार एवं कट्टा भी बरामद किया गया है। घटना रविवार सुबह 11 बजे की है। दोनों बदमाश बोलेरो से आए थे। डीएसपी प्रदीप रिणवा ने बताया कि बदमाशों ने आते ही दुकानदार कृष्ण कुमार पर कट्टा तान दिया। व्यापारी कृष्ण ने इस हरकत का विरोध किया उसकी आवाज सुनकर आसपास के अन्य दुकानदार भी वहां पहुंचे तो बदमाश घबरा गए और व्यापारियों को धमकाते हुए फरार हो गए। लूट के प्रयास की इस घटना को लेकर बड़ी संख्या में व्यापारी सरपंच हरकेश धानक, पूर्व सरपंच संघ अध्यक्ष शैतान मीणा, उपसरपंच राजेंद्र मीणा के नेतृत्व में थाने पहुंचे और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना के बाद डीएसपी प्रदीप रिणवा, बहरोड डीएसपी डॉ. तेजपाल सिंह एवं थाना प्रभारी सज्जन सिंह नेहरा मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। अलवर जिला पुलिस ने आरोपियों की तलाश में अपनी दो टीमें हरियाणा भेजी। अलवर पुलिस की गिरफ्त में आया संदीप रेवाड़ी जिले का आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ रेवाड़ी में हत्या गोली चलाने के मामले भी दर्ज हैं।
पुलिस गिरफ्त में आरोपी।