रोहतक | स्वाइन फ्लू के चलते पीजीआई में दो दिन के भीतर दो मरीजों की मौत हो गई। जबकि दो संदिग्ध मरीजों को अस्पताल भर्ती कराया गया। सोमवार दोपहर अस्पताल के डे-केयर वार्ड में भर्ती झज्जर निवासी व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं रविवार को
सोनीपत जिले की महिला मरीज ने स्वाइन फ्लू के चलते दमतोड़ दिया। ये दोनों ही मरीज बीमारी ग्रस्त बताए गए हैं। वहीं दूसरी ओर 9 फरवरी की सुबह पीजीआई में बहादुरगढ़ निवासी दो मरीजों को लाया गया।
ये दोनों मरीज डॉक्टरों के ऑब्जरवेशन में रखे गए हैं। खबर है कि इनमें से मॉडल टाऊन, बहादुरगढ़ निवासी मरीज के सैंपल पॉजीटिव मिले हैं। इस मरीज की जांच रिपोर्ट पहले से ही आ चुकी है। हालांकि इस बारे में प्रबंधन की ओर से कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
बता दें कि स्वाइन फ्लू के बढ़ते मरीजों को लेकर 8 फरवरी को पीजीआई के आला अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई गई। इस दौरान पता चला कि अस्पताल में 18 संदिग्ध मरीज भर्ती हैं।