रोहतक | दिसंबर माह में भी गुलाबी ठंड का लुत्फ उठा रहे लोगों ने शनिवार को दिन भर ठिठुरन भरी सर्दी का अहसास किया। सर्द हवाओं के बीच कई बार हल्की फुहारों से पारा 4 डिग्री तक लुढ़ककर 9 डिग्री से नीचे चला गया। अगले 48 घंटों तक बादलवाही के बीच तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं और अब दो दिन बाद ही सूर्य के दर्शन होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 14 दिसंबर को बारिश होने के साथ ही आसमान बादलों से ढका रहेगा, जाे अगले दिन 15 दिसंबर को बादलों के घटाटोप में बदल जाएगा और फुहार पड़ेगी। दो दिनों में 11 मिमी बारिश होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 7 व अधिकतम तापमान 17 डिग्री होगा। 16 व 17 दिसंबर को मौसम साफ रहेगा और धूप होने के आसार बनेंगे।
हालांकि 18 को वापस हल्की बादलवाही का दौर शुरू हो जाएगा। ठंड बढ़ने से अधिकतम तापमान एक डिग्री गिरेगा। 19 को हल्की बरसात हो सकती है। 20 को धूप रहेगी लेकिन सर्द हवाओं के नमी अधिक होने से गलन बढ़ जाएगी।
गेहूं की फसल को फायदा
कृषि विज्ञान केंद्र के उप निदेशक फौगाट ने बताया कि मौसम में अचानक आए बदलाव से गेहूं की फसल को फायदा पहुंचेगा। बरसात होने से एक बार की सिंचाई की भी भरपाई हो जाएगी। बढ़ी ठंड और हल्की फुहार भी फसलों में नाइट्रोजन का काम करेगी। इधर दिसंबर माह आधा बीतने के बाद सर्दी बढ़ने से बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। गर्म वस्त्रों की दुकानों पर शनिवार की देर शाम तक खरीददारों की लाइन लगी रही।