पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पीड़िता के घर पहुंचे नेताओं का घेराव

पीड़िता के घर पहुंचे नेताओं का घेराव

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नेपाली युवती के साथ दरिंदगी के मामले में दूसरे दिन पीड़ित परिवार के घर नेताओं का तांता लगा रहा। परिजनों और शहर के लोगों में भी घटना को लेकर रोष दिखा। पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं महिला आयोग की अध्यक्ष कमलेश पांचाल और उपाध्यक्ष सुमन दहिया को महिलाओं ने घेर लिया और दो टूक कहा कि दिखावा नहीं, कार्रवाई चाहिए।

वहीं, मामले में अब राजनीति भी शुरू हो गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता एक दूसरे पर आरोप लगाकर न्याय मांग रहे हैं। महिला आयोग की अध्यक्ष ने मामले के जल्द खुलासे के लिए पुलिस पर दबाव बनाने का आश्वासन दिया। शहर विधायक मनीष ग्रोवर सांत्वना देने पहुंचे तो लोगों ने उन्हें भी घेर लिया और भाजपा के बेटी बचाओ अभियान पर ही उंगली उठा दी। विधायक ने लोगों को भरोसा दिया कि मामले में उन्हें पूरी तरह न्याय मिलेगा। इसके अलावा सांसद दीपेंद्र हुड्डा पूर्व विधायक बीबी बत्तरा ने भी पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए सरकार से मामले के जल्द खुलासे की मांग की। उधर मामले के बाद पुलिस ने भी अपनी गतिविधियां बढ़ा दीं हैं। खुलासे के लिए एसआईटी के अलावा सात अन्य टीमें भी लगाई गई हैं।

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इस जघन्य घटना ने उन्हें भीतर तक हिला दिया है। एक तरफ सरकार बेटी बचाओ का नारा लगवा रही है, वहीं, दूसरी ओर महिलाओं की सुरक्षा में कोताही बरती जा रही है। पुलिस को जनता की सुरक्षा करने की जगह थानों से खाद बंटवाने में लगाया जा रहा है। इसके कारण इन दिनों अपराध का ग्राफ तेजी से ऊपर गया है। सांसद ने खट्टर सरकार की संवेदनहीनता पर आक्रोश जताते हुए कहा कि एक हफ्ते पूर्व लापता हुई युवती को तलाशने के लिए पुलिस ने समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की। यही नहीं, मृतका के परिजनों से मिलने और उन्हें सांत्वना देने के लिए भी शासन की तरफ से कोई आलाधिकारी अभी तक नहीं आया।

कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि यह बहुत ही वीभत्स घटना है और सारा समाज शर्मसार है। इस बारे में रोहतक के अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है। इसमें अधिकारियों की ओर से बताया गया है कि दोषियों को पकडऩे के लिए एसआईटी का गठन किया गया है और एक लाख रुपए के इनाम की घोषणा की गई है। कृषि मंत्री ने भी कहा कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।

एसपी शशांक आनंद ने बताया कि मामले के जल्द खुलासे के लिए पुलिस की टीमें पूरी तरह लगी हुई हैं। इसके लिए एसआईटी के अलावा सात अन्य टीमों का भी गठन कर दिया गया है। टीमों की मॉनीटरिंग वे खुद करेंगे। एसपी ने कहा कि सभी टीमें अलग-अलग एंगल पर जांच करेंगी और हर दो घंटे में प्रोग्रेस रिपोर्ट देंगी। कुछ लोगों ने मामले को लेकर जानकारी दी है, जिसकी पुष्टि के लिए जांच की जा रही है। सातों टीमों में निरीक्षक उपनिरीक्षक शामिल हैं और उन्हें अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।

चिन्योट कॉलोनी स्थित मृतका के घर से घटनास्थल (बहु अकबरपुर) तक जाने वाले सभी मार्गों की मॉनीटरिंग के लिए साइबर सेल के अलावा सात तीन अन्य टीमों को भी लगाया गया है। चारों टीमें रुटों पर लगे सीसीटीवी फुटेज और दोनों स्थानों पर ट्रेस हो रहे मोबाइल नंबरों को ट्रेस करने में जुटी हैं। इसके अलावा एसपी ने शनिवार को मामले की जांच कर रही एसआईटी से स्टेट्स रिपोर्ट तलब की।

रोहतक | पीड़िताके घर पहुंचे विधायक मनीष ग्रोवर से उलझतीं महिलाएं।

शनिवार देर शाम युवा और महिला संगठनों ने अलग-अलग क्षेत्रों में कैंडल मार्च निकालकर मौन प्रदर्शन किया। मुंबई से कैंडल मार्च में शामिल होने आए वर्ल्ड फेम रेसलर संग्राम सिंह बोले कि हत्यारों को फांसी मिलनी चाहिए। एसपी ने जल्द ही दरिंदों को काबू किए जाने की बात कही। बाबा कपिल पुरी महाराज, कर्णपुरी महाराज ने भी जल्द न्याय की मांग की है।