- Hindi News
- पीजीआई में बेड टू बेड पहुंच रही लाखों की दवा
पीजीआई में बेड टू बेड पहुंच रही लाखों की दवा
बिल में गड़बड़ कर मरीज से वसूले 7 हजार
पीजीअाईमें बेड-टू-बेड मरीजों को दवाइयां पहुंचाने का खुलासा हुआ है। इसके तहत बाहरी मेडिकल स्टोर के दलाल वार्ड में आकर मरीजों को दवाइयां उपलब्ध कराते हैं। इसके एवज में वे मरीजों से अवैध वसूली भी करते हैं। ये मामला तब सामने आया, जब वार्ड नंबर 12 में भर्ती जींद निवासी कुलदीप ने कमीशनखोरों की शिकायत सिविल सर्जन औषधि विभाग से की। शिकायत में कुलदीप ने उस दुकान का भी खुलासा किया है, जहां से उसके ऑपरेशन का सामान आया था। मरीज का आरोप है कि उक्त दुकान संचालक ने 7 हजार रुपए ज्यादा का बिल दिया। जबकि डॉक्टरों का कहना है कि मरीज के ऑपरेशन में इस सामान का उपयोग हुआ ही नहीं। बहरहाल, इस मामले पर अभी आधिकारिक रुप से पीजीआई प्रबंधन ने कोई टिप्पणी नहीं की।
^मैं फिलहाल छुट्टी पर हूं। अगर शिकायत आई है, तो अगले हफ्ते संबंधित दुकानदार के खिलाफ जरूर कार्रवाई की जाएगी। -मनदीपमान, डीसीओ,औषधि विभाग
^ये मामला काफी गंभीर है। अभी तक शिकायत मुझे नहीं मिल पाई है। इस मामले में औषधि विभाग से बात करेंगे। दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। -डॉ. शिवकुमार, सिविलसर्जन
एक्सरे में खुलासा
कुलदीपके भाई ने बताया कि बिल में गड़बड़ी होने का खुलासा एक्सरे से हुआ। मरीज के एक्सरे में ऑपरेशन के दौरान लगाए गई प्लेट स्क्रू साफ दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद भी बिल में 6900 रुपए के स्क्रू ज्यादा दिखा दिए। जब इसके बारे में दुकानदार को बोला, तो उसने पल्ला झाड़ते हुए बिल की पूरी राशि चुकाने की बात कही।
मरीज कुलदीप ने बताया कि 15 नवंबर को सड़क दुर्घटना में जख्मी होने के बाद वह पीजीअाई पहुंचा। यहां वार्ड 12 में उसे भर्ती कराया गया। चूंकि दुर्घटना में उसका पैर टूट गया था। इसीलिए डॉक्टर ऑपरेशन कर उसके पैर में प्लेट डालने वाले थे। इसके लिए सामान बाहर से लाना था। इसी सामान को वार्ड तक लाने के लिए एक दलाल मिला, जिसने अपना विजिटिंग कार्ड देते हुए ऑपरेशन का सारा सामान वार्ड में ही उपलब्ध कराने का वादा किया। ऑपरेशन में मरीज के पैर में 4 स्क्रू डाले गए, लेकिन जब दलाल बिल लेकर आया, तो उसमें 7 स्क्रू दिखाए गए। जबकि डॉक्टरों का भी कहना है कि ऑपरेशन में 4 स्क्रू ही लगाए गए हैं।