- Hindi News
- बिगड़ती कानून व्यवस्था, खाद संकट पर कांग्रेसियों ने सौंपा राज्यपाल को ज्ञापन
बिगड़ती कानून-व्यवस्था, खाद संकट पर कांग्रेसियों ने सौंपा राज्यपाल को ज्ञापन
चंडीगढ़|हरियाणा मेंबिगड़ती कानून-व्यवस्था, खाद संकट और नए भूमि अधिग्रहण कानून जैसे मुद्दों को लेकर हरियाणा कांग्रेस के नेताओं ने सोमवार को राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
इसमें प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा तत्कालीन हुड्डा सरकार के 184 जनहित के फैसलों को बदले जाने पर भी एतराज जताया गया है। कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष और विधायक दल की नेता किरण चौधरी के नेतृत्व में गए प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल को बताया कि रोहतक जिले के बहु-अकबरपुर में अशक्त नेपाली युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद जघन्य हत्या से स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। यह केवल रोहतक का ही मामला नहीं है, पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी हुई है। प्रदेश में यूरिया खाद का संकट बना हुआ है। स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट की मांग को लेकर आंदोलन करने वाली भाजपा अब केंद्र राज्य में सरकार बनने के बावजूद रिपोर्ट को लागू नहीं कर रही है।
नेता रह गईं, दल के लोग गायब
ज्ञापनके लिए कांग्रेस के सभी विधायकों को भी बुलाया गया था। इसकी सूचना रविवार रात को ही सभी विधायकों को दे दी थी। जबकि सोमवार को राजभवन पहुंचे प्रतिनिधि मंडल में कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी तो मौजूद थीं, लेकिन उनके 14 विधायकों में से कोई साथ नहीं था, जबकि कई चंडीगढ़ में ही थे। इसे पार्टी की गुटबाजी से जोड़कर देखा जा रहा है।
सुरजेवाला ने अलग से जारी किया बयान
कांग्रेसके राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने रोहतक निर्भया कांड पर सरकार को घेरा। बोले-भाजपा सरकार एक तरफ तो ‘बेटी बचाओ’ कार्यक्रम पर लाखों रुपए खर्च करती है, दूसरी तरफ मुख्यमंत्री एवं उनके मंत्रियों को उस युवती के परिवार से मिलने तक की फुर्सत नहीं है।
हुड्डा सरकार के 184 फैसलों को बदले जाने पर जताया एतराज