घायल नीलगाय के दोनों बच्चों की मौत
घायल नीलगाय के दोनों बच्चों की मौत
रोहतक| पांचदिन पहले कुत्तों के हमले में घायल नीलगाय के 2 बच्चों की शनिवार की रात मौत हो गई। वन्य जीव निरीक्षक कार्यालय में उनका इलाज किया जा रहा था। सोमवार को उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हालांकि वन्य निरीक्षक ने नीलगाय के एक ही बच्चे की मौत होने की बात स्वीकार की है। जींद रोड स्थित बाईपास के नजदीक खेत में नीलगाय के एक बच्चे को कुत्तों ने घायल कर दिया था। अटायल में भी कुत्तों के हमले से नीलगाय का बच्चा घायल हुआ था। सूचना मिलने पर दाेनों को वन्य जीव निरीक्षक वीरेंद्र ढुल अपने कार्यालय लेकर आए थे। छोटी बहू गांव के जमींदार ने भी एक नीलगाय के एक बच्चे को लाकर छोड़ दिया था। प्राथमिक उपचार के बाद यहां तीनों की परवरिश की जा रही थी। नीलगाय के बच्चों को वन्य जीव निरीक्षक कार्यालय परिसर में बनाए गए वैकल्पिक शेल्टर में रखा गया। जहां एक तरफ विभाग अधिकारी एक बच्चे की मौत होने की बात कह रहे हैं वहीं सूत्र के मुताबिक शनिवार की रात में तबीयत खराब होने से नीलगाय के दो बच्चों की मौत हो गई। वन्य जीव निरीक्षक वीरेंद्र ढुल ने बताया कि कुत्तों के हमले में गंभीर रूप से घायल नीलगाय के दोनों बच्चों का इलाज कराया जा रहा था। पशु डॉक्टर की सलाह पर उनको डाइट भी दी जाती रही। शनिवार की रात हालत खराब होने से नीलगाय के एक बच्चे की मौत हो गई। सोमवार को उसका वेटनरी सर्जन के द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बाकी बचे दो में एक को शनिवार की सुबह लाखनमाजरा के जंगल में छोड़ दिया गया, जबकि छोटा होने की वजह से दूसरे को वैकल्पिक शेल्टर में रखा गया है।
बोतल से पानी पिलाते निरीक्षक अधिकारी विरेन्द्र ढुल
फाॅलोअप