- Hindi News
- मदीना पुलिस चौकी में झगड़ा, डीआईजी से मिले ग्रामीण
मदीना पुलिस चौकी में झगड़ा, डीआईजी से मिले ग्रामीण
मदीनागांव की अस्थाई पुलिस चौकी पर सोमवार की रात झगड़ा करके कुछ लोगों ने दो पुलिस कर्मियों से अभद्रता की। इससे आहत समाज विशेष के लोग मंगलवार को रोहतक पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मिलकर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। इसके चलते अब चौकी पर एक और पुलिसकर्मी की तैनाती की गई है।
करीब डेढ़ साल पहले गांव में समाज विशेष के चाचा-भतीजा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके चलते गांव में तनाव फैल गया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन सुरक्षा की मांग को लेकर शहर के छोटूराम चौक पर दो दिन तक धरना-प्रदर्शन तक चला। इसके चलते पुलिस प्रशासन ने गांव में अस्थाई पुलिस चौकी बनाई थी, जहां पहले तो आधा दर्जन पुलिसकर्मी तैनात किए गए, लेकिन हालात सामान्य होने पर दो पुलिसकर्मी हटा लिए गए थे। अब पुलिसकर्मियों से ही अभद्रता के चलते समाज के लोगों में डर फैल गया। इसके चलते मंगलवार को वे रोहतक पहुंचे और अतिरिक्त पुलिसकर्मी भेजने की मांग की।