- Hindi News
- हुड्डा के इर्द गिर्द और भी लोग खा रहे हैं मलाई
हुड्डा के इर्द-गिर्द और भी लोग खा रहे हैं मलाई
बसपाके सीएम पद के उम्मीदवार एवं पूर्व सांसद अरविंद शर्मा ने रविवार को सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि हुड्डा के इर्द-गिर्द अब भी और लोग मलाई खा रहे हैं। कुछ नेता तो मलाई खाकर भाग भी गए।
अरविंद शर्मा की यह प्रतिक्रिया सीएम के उस बयान के बाद आई है इसमें सीएम ने कहा था कि कांग्रेस छोड़कर वो लोग गए हैं, जिन्होंने दस साल मलाई खाई है। साथ ही अरविंद शर्मा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सरकार के साढ़े नौ साल के कार्यकाल के दौरान उन्होंने किसी प्रकार का आर्थिक लाभ नहीं लिया।
रविवार को पूर्व सांसद एवं बसपा के सीएम पद के उम्मीदवार अरविंद शर्मा जींद जाते समय कुछ समय के लिए रोहतक में रुके। यहां बसपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। सीएम हुड्डा के दो विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर अरविंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस उनकी अपनी पार्टी है, वे कितनी ही जगह से चुनाव लड़ें। जहां तक कांग्रेस का सवाल है तो कांग्रेस के दिन अब गिने-चुने ही बचे हैं। चुनाव में कांग्रेस का सफाया होना तय है। बसपा नेता ने हजकां और जनचेतना पार्टी से गठबंधन की चर्चाओं को अफवाह करार दिया। विधानसभा चुनाव के लिए बसपा के बाकी बचे प्रत्याशियों के सवाल पर उन्होंने कहा कि जल्द ही बाकी प्रत्याशियों की भी घोषणा कर दी जाएगी। वहीं, अरविंद शर्मा किस सीट से चुनाव लड़ेंगे, इसका फैसला भी दो-तीन दिन में हो जाएगा।
अरविंद शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी कोई घोषणा पत्र जारी नहीं करेगी। हालांकि पार्टी सभी वर्गों के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में है। चुनाव में मुकाबले के सवाल पर बसपा नेता ने कहा कि पार्टी अपना मुकाबला किसी दल से नहीं मानती।
बसपा के सीएम पद के उम्मीदवार अरविंद शर्मा का रोहतक पंहुचने पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।