नागालैंड से बने 103 लाइसेंस हुए रद्द
एसपीबलवीर सिंह ने बताया कि नागालैंड में फर्जी तरीके से बनाए गए झज्जर और आस-पास के शहरों के 103 आर्म्स लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। इसके अलावा जो इस तरह के अन्य फर्जी लाइसेंस से हथियार लेकर घूम रहा है उन्हें भी जल्द से जल्द पकड़ा जाए।
एसपी ने यह बात रविवार को क्राइम मीटिंग में कही साथ ही चुनाव को देखते हुए हर किसी से अलर्ट रहने के आदेश दिए। एसपी ने कहा कि जिले में अवैध हथियार रखने वाले अपराधियों को तथा अवैध शराब के काम में शामिल व्यक्तियों को हरसंभव तरीके से पकड़ा जाए और बरामदगी की जाए। एसपी बलबीर सिंह ने कहा कि रोहतक मंडल के पुलिस महानिरीक्षक अनिल राव के दिशा निर्देशानुसार नागालैंड से अवैध तरीकों से बने असला लाइसेंसों के बारे जांच पड़ताल एसआईटी द्वारा की जा रही है। इसके अतिरिक्त जिले में किसी भी अपराध में शामिल उद्घोषित अपराधियों, बेल जंपर, पैरोल जंपर, मोस्ट वांटेड तथा अदालत से जारी गैर जमानती वारंटों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया जाए। असामाजिक तथा शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध निवारक कार्रवाई की जाए।
जिले में रह रहे प्रत्येक हिस्ट्रीशीटर को चेक किया जाए। जिला में प्रत्येक थाना प्रबंधक चौकी प्रभारी अपने इलाके में किसी भी प्रकार की अफवाह फैलने से रोके। किसी प्रकार के अपराध की सूचना पर तुरंत मौके पर जाकर कार्रवाई की जाए।
बिना किसी कारण के लंबित पड़े मामलों को निपटाया जाए। जिला में आने-जाने वाले वाहनों पर नाकाबंदी करके निगाह रखी जाए। निर्वाचन आयोग तथा उच्च पुलिस अधिकारियों के आदेशों निर्देशों पर तुरंत अमल करते हुए पालना की जाए। इस अवसर पर डीएसपी शमशेर सिंह, धारणा यादव, अनूप सिंह समेत सभी थाना प्रबंधक चौकी इंचार्ज मौजूद रहे।
झज्जर. पुलिसअधिकारियों की बैठक लेते एसपी बलबीर सिंह।