पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पर्सनल ब्रांडिंग के लिए ई संसाधन बेहतर साधन

पर्सनल ब्रांडिंग के लिए ई-संसाधन बेहतर साधन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आजके प्रतिस्पर्धात्मक युग में कॅरियर में सफलता प्राप्त करने के लिए पर्सनल ब्रांडिंग की आवश्यकता है। जरूरत है कि विद्यार्थी बाह्य एवं आंतरिक व्यक्तित्व विकास के लिए निरंतर प्रयास करें। इस ब्रांडिंग के लिए ई-संसाधनों के बेहतरीन उपयोग विद्यार्थी कर सकते हैं। एमडीयू के अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विभाग में मंगलवार को आयोजित विशेष व्याख्यान कार्यक्रम में ये उद्गार विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के सहायक प्रोफेसर सुनित मुखर्जी ने व्यक्त किए।

सुनित मुखर्जी ने संचार कौशल में महारत हासिल करने तथा सोशल मीडिया-फेसबुक, यू ट्यूब, लिंक्ड इन, ट्विटर आदि का उपयोग शैक्षणिक एवं कॅरियर के दृष्टिकोण से करने की सलाह विद्यार्थियों को दी। उन्होंने कहा कि इंटरनेट के जरिए विभिन्न कॅरियर वेबसाइटों से विद्यार्थी कॅरियर संबंधित जानकारी ले सकते हैं। अतिथि वक्ता ने बताया कि अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा पाठ्यक्रम उपरांत प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया में कॅरियर के बेहतरीन अवसर हैं। इस संबंध में कॉरपोरेट कम्युनिकेशन, इवेंट मैनेजमेंट, विज्ञापन, जनसंपर्क कंटेंट राइटिंग का उल्लेख सुनित मुखर्जी ने किया।

अतिथि वक्ता सुनित मुखर्जी ने इस विशेष व्याख्यान सत्र में दो लघु फिल्मों का प्रदर्शन कर फिल्म समीक्षा तथा सिनेमा अध्ययन की बारीकियों से भी विद्यार्थियों को परिचित करवाया। इससे पूर्व, अंग्रेजी विभाग की प्राध्यापिका प्रो. रश्मि मलिक ने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को वैकल्पिक कॅरियर की जानकारी प्रदान की जा रही है। आभार प्रदर्शन छात्रा शीतल नांदल ने किया। इस कार्यक्रम में विभाग के प्रोफेसर गुलाब सिंह एवं प्रो. रणदीप राणा, प्राध्यापिका डा. नीलम हुड्डा, डा. अंजु बाला, जयश्री शंकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। आईएचटीएम कांफ्रेंस हॉल में आयोजित इस व्याख्यान कार्यक्रम में अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विभाग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभागाध्यक्ष प्रो. एसपीएस दहिया ने कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास तथा शैक्षणिक उत्थान के लिए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सुनित मुखर्जी।

व्याख्यान के दौरान मौजूद विद्यार्थी स्टाफ सदस्य