- Hindi News
- एडीआरएम ने स्टेशन का किया निरीक्षण, सफाई पर रहा फोकस
एडीआरएम ने स्टेशन का किया निरीक्षण, सफाई पर रहा फोकस
एडीआरएमआरके गुप्ता बुधवार को दिल्ली-अंबाला रेलवे रूट के दौरे पर थे। जींद के बाद वापसी में उन्होंने रोहतक रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म, यात्री प्रतीक्षालय, खान-पान और स्टेशन परिसर का गहन निरीक्षण किया।
साथ ही अधिकारियों कर्मचारियों को सफाई के लिए कड़े निर्देश दिए। चर्चा है कि मार्च में रेलवे महाप्रबंधक का दौरा संभावित है, जिसके मद्देनजर महकमा तैयारियों में जोर शोर से जुटा हुआ है। शाम करीब 4:30 बजे एडीआरएम आरके गुप्ता स्टेशन पर पहुंचे। थोड़ी ही देर में सभी अधिकारी कर्मचारी वहां पर मौजूद हो गए। उन्होंने स्टेशन परिसर के अलावा रेलवे कॉलोनी का भी मुआयना किया। इसके बाद विशेष रूप से साफ-सफाई पर ध्यान देने को कहा। स्टेशन परिसर से भिखारियों काे बाहर रखने के साथ ही अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया है। निरीक्षण के दौरान स्टेशन अधीक्षक अधीक्षक बीएस मीणा, सहायक स्टेशन अधीक्षक राजीव भार्गव, टीआई नरेश कुमार , स्टेशन मास्टर समेत तमाम रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।
कूड़ेदान इस्तेमाल करने की हिदायत
एडीआरएमके आने की सूचना पर सुबह से ही स्टेशन परिसर को स्वच्छ साफ-सुथरा बनाने की तैयारी चल रही थी। स्टेशन प्रांगण दोपहर तक चकाचक कर दिया गया। बाकी दिनों में हमेशा बंद रहने वाले यात्री प्रतीक्षालय के दोनों साइड के टायलेट रूम खोल दिए गए थे। कर्मचारियों की की निगरानी में यात्रियों की आवाजाही हो रही थी। कूड़ेदान का इस्तेमाल करने, सीधे रेलवे ट्रैक पार करने की भी हिदायत दी जा रही थी।