रोहतक। कंप्यूटर टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं की सोमवार को मानसरोवर पार्क में बैठक हुई, जिसमें निजी कंपनियों द्वारा किए गए घोटाले की विजिलेंस या सीबीआई से जांच कराने की मांग की गई। बाद में विधायक मनीष ग्रोवर के कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर संगठन के जिला प्रधान उमेश पांचाल ने आरोपित किया कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों की सांठ-गांठ के चलते ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है।
कंप्यूटर शिक्षक संघ के अध्यक्ष बलराम धीमान ने कहा कि 10 फरवरी को पंचकूला स्थित सेक्टर के थाने में संबंधित कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। 13 या 16 फरवरी के फैसले में कंपनियों के अनुबंध को समाप्त नहीं किया तो शिक्षकों का आंदोलन उग्र रूप अख्तियार करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि समझौता मंजूर होने की दशा में कंप्यूटर शिक्षक दोबारा स्कूल ज्वाइन नहीं करेेंगे। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता सुरेश नैन, भूपेंद्र, सोमेश, विशाल, प्रमोद, अन्नू, सपना, ज्योति तथा नेहा आदि उपस्थित रहे।
मानसरोवर पार्क में बैठक आज
कंप्यूटर शिक्षक 10 फरवरी को मानसरोवर पार्क में तीन बजे बैैठक करेंगे। जिसमें आंदोलन की अग्रिम रणनीति तय की जाएगी। यह जानकारी कंप्यूटर टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश नैन ने दी। उन्होंने बताया कि बैठक के बाद विधायक मनीष ग्रोवर से भेंट कर ज्ञापन सौंपा जाएगा।