रोड सेफ्टी-डे पर बताए सुरक्षा के उपाय
रोहतक। क्षेत्रीयपरिवहन प्राधिकरण की ओर से सड़क सुरक्षा दिवस पर बुधवार को रोडवेज कार्यशाला में कार्यक्रम आयोजित हुई। जिसमें सड़क यातायात के नियमों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नियमों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया। इस मौके पर आरटीए अमित कुमार ने कहा कि सड़क पर वाहन चलाना नियमों के साथ बिल्कुल आसान है। समस्या सड़क यातायात के नियमों को तोड़ने पर होती है, जिसका खामियाजा बेकसूर लोगों को भी भुगतना पड़ता है। आज सड़क पर कोई भी इंतजार करने को तैयार नहीं है। उन्होंने हर हाल में नियमों के पालन की जन सामान्य से अपील की। रोडवेज प्रबंधक कैप्टन मनीष लोहान ने कहा कि सड़क पार करते समय ट्रैफिक नियमों का ध्यान रखना जरूरी होता है। उपस्थित प्रशिक्षुओं और रोडवेज चालकों को चालक प्रशिक्षण केंद्र के इंचार्ज हरीश कुमार और राज सिंह द्वारा आवश्यक जानकारियां दी गई। साथ ही उनके बीच सड़क सुरक्षा संकेतावली और चिह्नों की पुस्तिका चिह्न भाषा का वितरण किया गया। इस दौरान आरटीए के सहायक सचिव धर्मेंद्र, शेर सिंह ने भी विचार व्यक्त किए।