पर्ची पर लिखे बिना मंगाई 6 हजार की दवा
रोहतक | पीजीआईके ऑपरेशन कक्षों में भी दवाओं का मोलभाव हो रहा है। डॉक्टर पर्ची पर लिखे या लिखे, मरीज के खाते में दवाओं का बिल जोड़ दिया जाता है। मंगलवार को एक ऐसा ही वाक्या सामने आया, जब डॉक्टरों ने पर्ची पर लिखे बिना ही ऑपरेशन कक्ष में दवाएं पहले से ही मंगा लीं। आरोप है कि मरीज को ऑपरेशन के लिए ले जाते समय डॉक्टर ने 6 हजार रुपए का बिल थमा दिया। जानकारी के अनुसार 4 दिसंबर को नीलोखेड़ी गांव निवासी रमाकांत पीजीआई में भर्ती हुआ। उसे भर्ती कराने वाले सुखबीर सिंह ने बताया कि 5 दिसंबर को जब रमाकांत का ऑपरेशन करने के लिए ओटी कक्ष की ओर ले जाया गया, तभी डॉक्टर ने कक्ष में स्ट्रेचर पर दवाई का डिब्बा रख दिया। डॉक्टर बिल दिखाते हुए बोला कि ऑपरेशन से पहले ये रकम दे दो। इस पर सुखबीर ने विरोध जताते हुए कहा कि जब दवाएं लाना था, तो पर्ची पर क्यों नहीं लिखा। इस पर डॉक्टर ने ऑपरेशन करने की चेतावनी दी। सुखबीर का कहना है कि ऑपरेशन के बाद वह उच्चस्तरीय शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेगा।